दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। घटना महिंद्रा पार्क थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। युवक उत्तम नगर से अपनी पत्नी को लेने के लिए ससुराल पहुंचा था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद भी हुआ था। इसी दौरान कुछ देर बाद युवक आग की लपटों में घिरा हुआ चौथी मंजिल से नीचे उतरता दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। गंभीर रूप से झुलसे युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक अचानक चौथी मंजिल से नीचे आया और उसके शरीर में आग लगी हुई थी। वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करने की कोशिश की और पानी तथा कपड़ों की सहायता से आग बुझाने का प्रयास किया। घटना के बाद युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

मरने से पहले युवक ने लगाए गंभीर आरोप

मृत्यु से पहले युवक ने अपनी पत्नी और सास पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया था कि दोनों ने उस पर तेल डालकर आग लगा दी। युवक के इस बयान के बाद मामला और अधिक गंभीर हो गया है। हालांकि, पत्नी और सास ने इन आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि युवक अपने साथ खुद तेल और फिनाइल लेकर आया था। आरोपियों का कहना है कि युवक घर पहुंचने के बाद बेहद गुस्से में था। उनके मुताबिक, जब दरवाजा नहीं खोला गया तो उसने पहले फिनाइल पी और फिर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। परिवार इस घटना को आत्महत्या बता रहा हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेर लिया। इसके बाद क्राइम ब्रांच और FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान चौथी मंजिल से लेकर गली तक जले हुए अवशेष बरामद हुए। पुलिस  ने इन सभी सबूतों को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है, ताकि घटना के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

पत्नी और सास से पूछताछ जारी

फिलहाल पुलिस ने मृतक की पत्नी और सास को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके। अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है चाहे वह आत्महत्या हो या हत्या। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m