Bihar Crime: मोतिहारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाने में घुसकर गोली मारने की धमकी देने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल बिजधरी थाना क्षेत्र के एक युवक ने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर लाइव आकर पुलिस को खुलेआम धमकी दी थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसके आधार पर बिजधरी थाने की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है।

थाने में घुसकर गोली मारने की धमकी

वायरल वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान सुन्दरापुर निवासी सौरभ कुमार के रूप में हुई है, जिसने मोतिहारी पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा था कि, यदि उसे बेवजह परेशान किया गया तो वह किसी को नहीं छोड़ेगा। उसने दावा किया कि वह दोनों हाथों से राइफल चलाना जानता है और उसके पास हथियारों की कोई कमी नहीं है।

युवक ने बिजधरी थाना में घुसकर गोली मारने तक की धमकी दी है। उसने थानाध्यक्ष सीमा कुमारी का नाम लेते हुए उन्हें भी अंजाम भुगतने की चेतावनी दी। युवक ने पुलिस पर अपने परिवार को परेशान करने का आरोप लगाया है।

भरत तिवारी की तरह नहीं करूंगा सरेंडर

युवक ने कहा था कि यदि पुलिस को कोई पूछताछ करनी है तो सीधे उससे की जाए, वह जहां बुलाया जाएगा वहां पहुंचने को तैयार है। उसने अपने भाई की पूर्व में हुई हत्या के लिए प्रशासन और गांव के कुछ लोगों को भी जिम्मेदार ठहराया। युवक ने कहा कि वह भरत तिवारी की तरह सरेंडर और हथियार नहीं डालेगा। उसे दोनों हाथ से हथियार चलाने आता है। उसने कहा कि मुझे प्रशासन से नफरत हो गया है, जबसे हमारे मम्मी-पापा को टॉर्चर किया गया है।

आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस

पुलिस को लाइव आकर धमकी देने का वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। वीडियो के संज्ञान में आने पर पुलिस भी मामले और वीडियो की जांच पड़ताल में जुट गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिजधरी थानाध्यक्ष सीमा कुमारी ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर आरोपी सौरभ कुमार को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें- बिहार में हैवान बना पति: पत्नी समेत 3 बच्चों को नहर में फेंका, तीनों मासूमों की डूबने से मौत