शिवम मिश्रा, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में युवक के साथ लूट की वारदात सामने आई है। दो बाइक में सवार अज्ञात बदमाशों ने देर रात युवक के सिर पर वार कर उसे सड़क पर गिराया और मारपीट करते हुए 19 हजार नकद लूटकर फरार हो गए। मामले में माना कैंप पुलिस ने अज्ञात आरोपियो के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पढ़िए पूरी खबर
पुलिस के अनुसार, पीड़ित निलेश घोष (26) मूल रूप से कांकेर जिले के पखांजूर का रहने वाला है और वर्तमान में रायपुर के कमल विहार सेक्टर-4 स्थित वेलफेयर कॉलोनी में किराये से रहकर एक रियल एस्टेट कंपनी में काम करता है।
कब और कैसे दिया वारदात को अंजाम
निलेश ने पुलिस को बताया कि 14 जून की रात करीब एक बजे वह कंपनी से भुगतान का 19 हजार रुपये नकद लेकर अपनी बाइक से गृह ग्राम पखांजूर के लिए निकला था। डुमरतराई स्थित पेट्रोल पंप में पेट्रोल भरवाने के बाद वो आगे बढ़ रहा था, तभी दो बाइकों में सवार अज्ञात युवक वहां पहुंचे और सिर पर किसी वस्तु से हमला कर उसे गिरा दिया। इसके बाद आरोपितों ने लात-घूंसों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी जेब में रखे 19 हजार रुपये लूट लिए।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के तीन दिन बाद पीड़ित की शिकायत पर माना कैंप थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(6) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात आरोपितों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

