देवेंद्र सिंह चौहान, औबेदुल्लागंज (रायसेन)। ओबेदुल्लागंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत हर्रई में सड़क की मांग को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने ट्रॉली में 19 वर्षीय मोनू उइके का शव रखकर सड़क पर प्रदर्शन किया और अम्बेडकर चौराहे पर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव तक सड़क नहीं होने के कारण मृतक युवक को समय पर इलाज नहीं मिल सका, जिसके कारण मोनू की मौत हो गई।

पूरा मामला जनपद पंचायत औबेदुल्लागंज के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत हर्रई का है जहां सड़क की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में शव रखकर सड़क पर पहुंचे और अम्बेडकर चौराहे पर बैठकर सड़क निर्माण की मांग करने लगे।  ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी गांव में सड़क जैसी मूलभूत सुविधा नहीं है। खराब रास्ते के कारण बीमार और गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में काफ़ी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों के मुताबिक 19 वर्षीय मोनू उइके की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे ओबेदुल्लागंज शासकीय अस्पताल लाए थे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया डॉक्टरों का कहना है की अगर मृतक युवक को समय पर लाया जाता तो उसे शायद बचाया जा सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर एसडीएम चंद्रशेखर श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और समझाइश दी। एसडीएम की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन खत्म किया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m