उमेश यादव, सागर। शहर के मोतीनगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पारिवारिक विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, मोतीनगर थाना क्षेत्र के रविशंकर वार्ड निवासी 40 वर्षीय अतुल जड़िया पर मंगलवार शाम उनके ममेरे भाइयों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने अतुल जड़िया पर पाइप और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला किया। जब आसपास के लोग बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी धमकाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल अतुल को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान अतुल जड़िया ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

