सिरसा। हरियाणा के सिरसा में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां फोटो वायरल करने के पुराने विवाद में समझौता कराने के एवज में पांच लाख रुपए की मांग की गई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती और उसके पति समेत तीन लोगों को दो लाख रुपए की नकदी लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया है. पुलिस ने मौके से पूरी रकम बरामद कर ली है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

मामले की शुरुआत इसी साल फरवरी महीने में हुई थी

मामले की शुरुआत इसी साल फरवरी महीने में हुई थी. एक युवती ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक युवक ने उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी हैं और उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी है. इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करके अदालत में अपनी रिपोर्ट पेश कर दी थी, जो फिलहाल अदालत में विचाराधीन है.

आपसी समझौते के नाम पर आरोपी पक्ष से पांच लाख रुपए की मांग

समय बीतने के बाद युवती ने उसी पुराने मामले को खत्म कराने और आपसी समझौते के नाम पर आरोपी पक्ष से पांच लाख रुपए की मांग शुरू कर दी. इस बीच युवती की शादी हो चुकी थी और उसका पति भी इस साजिश में शामिल हो गया.

पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार

गांव बाहिया निवासी मनोज कुमार ने पुलिस को पूरी बात बताई कि उसके भाई संजय कुमार के खिलाफ दर्ज मामले को समाप्त कराने के लिए प्रियंका और उसका पति गजानंद लगातार पांच लाख रुपए मांग रहे थे. काफी बातचीत के बाद दो लाख रुपए नकद और तीन लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करने पर बात पक्की हुई थी.

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत एक विशेष योजना बनाई. योजना के तहत शुक्रवार को महिला थाने के पास स्थित एक पार्क में पैसे देने के लिए बुलाया गया. पुलिस ने पहले से ही योजना बनाकर सादे कपड़ों में अपनी टीम को वहां तैनात कर दिया था.

पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी पूछताछ जारी

जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपियों को दो लाख रुपए की नकदी सौंपी, वैसे ही पहले से तैयार बैठी पुलिस टीम ने तुरंत छापा मार दिया. पुलिस ने मौके से प्रियंका, उसके पति गजानंद और उनके एक अन्य साथी अवतार सिंह को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब इस पूरे मामले में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी पूछताछ कर रही है.