सुमन चौहान, करनाल। इंद्री में नन्हेड़ा गांव के खेतों में एक युवक का तेजाब से जला शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान चूरनी गांव निवासी बॉबी के रूप में हुई है। परिवार ने इसे सोची-समझी हत्या बताते हुए संगोही गांव के कुछ लोगों पर रंजिश के चलते हत्या करने के आरोप लगाए हैं।


मृतक के भाई प्रिंस का कहना है कि बॉबी की कुछ लोगों के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी। आरोप है कि पहले उसकी बेरहमी से हत्या की गई और बाद में पहचान मिटाने के लिए शव पर तेजाब डाला गया। परिवार का कहना है कि बॉबी को योजनाबद्ध तरीके से मौत के घाट उतारा गया है। वहीं बेटे की मौत से मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

मां ने कहा कि मेरा बेटा ही मेरा सहारा था, उसे मुझसे छीन लिया गया। परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।


फिलहाल जांच अधिकारी जसबीर का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। इलाके में इस घटना को लेकर लोगों में भारी रोष और डर का माहौल बना हुआ है।