करनाल। काछवा पुल के पास एक 34 वर्षीय युवक कपिल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला। इस घटना के बाद मृतक के माता-पिता ने उसकी पत्नी नूरी पर हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, पत्नी ने इन आरोपों को गलत बताया है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

कबाड़ का काम करता था मृतक

मृतक कपिल कबाड़ का काम करता था और लंबे समय से सांस की बीमारी से जूझ रहा था। उसकी पत्नी नूरी ने पुलिस को बताया कि करीब 12 साल पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही वे पिछले 8 साल से कपिल के माता-पिता से अलग रह रहे थे। उनका दो बेटे हैं। नूरी का कहना है कि परिवार पर कुछ कर्ज था, जिसकी वजह से कपिल काफी समय से मानसिक तनाव में था। उसने इस परेशानी को लेकर माता-पिता से मदद भी मांगी थी, लेकिन उसे कोई सहायता नहीं मिली।

पत्नी ने बताया घटना का सच

नूरी ने बताया कि वह पिछले 2 दिन से अपने मायके गई हुई थी। शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे जब वह वापस लौटी, तो कपिल घर पर ही था। इसके बाद वह बच्चों के लिए जूते लेने बाजार चली गई। शाम करीब 4 बजे जब वह घर वापस लौटी, तो उसने कपिल को पंखे से फंदे पर लटका पाया। उसने अपने पति की हत्या से इनकार किया है और कहा कि सास-ससुर लंबे समय से उनसे कोई संबंध नहीं रखते थे।

मां ने लगाए बहू पर संगीन आरोप

दूसरी ओर मृतक की मां पूजा ने दावा किया कि उनकी बहू ने ही कपिल की हत्या की है। उन्होंने आरोप लगाया कि नूरी न तो कपिल को समय पर खाना देती थी और न ही उसकी बीमारी का ठीक से इलाज करवाती थी। पूजा ने कहा कि गुरुवार को कपिल उनके पास आया था और उसने बताया था कि उसकी पत्नी उसे बहुत परेशान करती है। उन्होंने कपिल को 10 हजार रुपये की आर्थिक मदद भी दी थी। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की गहराई से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो पाएगी।