हेमंत गुर्जर, बागली। देवास जिले के उदयनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रसिद्ध मेले में 5 जून को हुई सनसनीखेज चाकूबाजीर और हत्या की वारदात का पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें: कॉलेज टॉपर की रहस्यमयी मौत, सुसाइड नोट और आखिरी वीडियो ने उड़ाए पुलिस के होश!
मेला पार्किंग में सरेआम मारी थी चाकू
जानकारी के अनुसार, बीती 5 जून को उदयनगर मेले की पार्किंग में उस समय हड़कंप मच गया था, जब पुरानी दुश्मनी के चलते आरोपी गोरेलाल चौहान ने युवक संजय कन्नोजे पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। इस जानलेवा हमले में संजय गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान संजय ने दम तोड़ दिया। मेले जैसे सार्वजनिक स्थान पर हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम, घेराबंदी कर दबोचा
मेले में हुई इस गंभीर वारदात को देखते हुए देवास पुलिस अधीक्षक (SP) ने मामले को प्राथमिकता पर लिया और आरोपियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गोरेलाल चौहान को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
ये भी पढ़ें : किताबों की उम्र में ‘नशे का ककहरा’: 10 साल के बच्चे का जाम छलकाते वीडियो वायरल, इसका जिम्मेदार कौन?
वारदात में इस्तेमाल चाकू और बाइक जब्त
उदयनगर थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी गोरेलाल की निशानदेही पर हत्या की वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू और भागने के लिए उपयोग की गई मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ हत्या की विभिन्न धाराओं के तहत वैधानिक कागजी कार्रवाई कर रही है।

