रांची। धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ कथित अभद्रता और गाली-गलौज के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। विधायक जयराम कुमार महतो के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में हुई कार्रवाई को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने धनबाद SSP को 24 घंटे का समय दिया है।

केंद्रीय कमेटी ने SSP को भेजा पत्र

झारखंड पुलिस एसोसिएशन के केंद्रीय अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने धनबाद SSP प्रभात कुमार को पत्र भेजकर बरवाअड्डा थाना में दर्ज कांड संख्या 146/2026 की अब तक की कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है।

एसोसिएशन के मुताबिक, 26 अगस्त को भी SSP को पत्र भेजकर विधायक जयराम महतो समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की गई थी।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की तैयारी

पुलिस एसोसिएशन ने पहले ही चेतावनी दी थी कि यदि मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो राज्य की विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी और सदस्य आंदोलन कर सकते हैं। अब 24 घंटे में रिपोर्ट मांगकर संगठन ने अपने रुख को और स्पष्ट कर दिया है।

SSP की रिपोर्ट के बाद तय होगी रणनीति

एसोसिएशन अध्यक्ष ने कहा है कि SSP के जवाब का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद संगठन आगे की कार्रवाई और आंदोलन को लेकर निर्णय लेगा।

पुलिस एसोसिएशन का आरोप है कि विधायक ने थानेदार के साथ फोन पर कथित तौर पर गाली-गलौज की और थाना परिसर में भी उनके साथ दुर्व्यवहार किया। संगठन ने इसे पुलिसकर्मियों के सम्मान और अनुशासन से जुड़ा गंभीर मामला बताया है।फिलहाल इस पूरे विवाद में पुलिस एसोसिएशन की अगली रणनीति धनबाद SSP की रिपोर्ट पर निर्भर मानी जा रही है।