फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद जिले के भनकपुर गांव में पुलिस प्रताड़ना के आरोपों के बीच एक 60 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के परिजनों का आरोप है कि वर्ष 2017 के एक पुराने मामले में पुलिस द्वारा लगातार मानसिक दबाव और गिरफ्तारी की धमकी दिए जाने से वह बेहद परेशान थे। घटना के बाद सिविल अस्पताल में परिजनों ने जमकर हंगामा किया और संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए बिना पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना सेक्टर-58 थाना क्षेत्र के भनकपुर गांव की है। मृतक की पहचान सतीश कुमार के रूप में हुई है, जो पावर ग्रिड कंपनी में कार्यरत थे और इसी वर्ष अक्टूबर में सेवानिवृत्त होने वाले थे।
परिजनों के अनुसार, शनिवार को वर्ष 2017 के एक पुराने मामले के सिलसिले में सतीश कुमार को खेड़ी पुल थाने बुलाया गया था। आरोप है कि उन्हें पूरे दिन थाने में बैठाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और गिरफ्तारी की धमकी दी गई। घर लौटने के बाद उन्होंने परिवार को पुलिस की कथित प्रताड़ना के बारे में बताया और काफी तनाव में दिखाई दिए।
रविवार सुबह सतीश कुमार का शव उनके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
इसके बाद परिजन शव को लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे और खेड़ी पुल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किए बिना पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया। अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा और पुलिस तथा परिजनों के बीच तीखी बहस होती रही।
बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और थाना प्रभारी के खिलाफ परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज करने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हो गए।
इस मामले में एसीपी मुजेसर पंकज कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


