हिसार। हरियाणा के हिसार से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के शिवनगर इलाके में लिव-इन रिलेशनशिप यानी बिना शादी के साथ रह रही एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे महिला का शव उसके घर के अंदर लहूलुहान हालत में मिला। मृतका के शरीर पर चाकुओं से कई वार किए गए थे। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।

2 शादियों के बाद बॉयफ्रेंड के साथ रह रही थी महिला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान पूजा के रूप में हुई है। पूजा की पहले 2 शादियां हो चुकी थीं और उसके 3 बच्चे भी हैं। दोनों शादियां टूटने के बाद वह पिछले करीब 5 साल से शिवनगर में गौरव नाम के युवक के साथ लिव-इन में रह रही थी। गुरुवार सुबह जब काफी देर तक घर में कोई हलचल नहीं हुई, तो इस वारदात का पता चला।

कमरे में चारों तरफ फैला था खून

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने बताया कि कमरा पूरी तरह से अस्त-व्यस्त था। पूजा का शव फर्श पर पड़ा हुआ था और चारों तरफ खून फैला था। हमलावर ने पूजा पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए थे, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है।

बॉयफ्रेंड पर शक, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस इस मामले में मृतका के बॉयफ्रेंड गौरव की भूमिका की जांच कर रही है। वारदात के बाद से ही उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों और मकान मालिक से भी पूछताछ कर रही है ताकि पता चल सके कि रात में या सुबह दोनों के बीच कोई झगड़ा तो नहीं हुआ था। इसके साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी का सुराग मिल सके।

इसे भी पढ़ें : राम मंदिर गबन मामला : अविनाश शुक्ला के घर पर छापा, ‘रामराज्य कोष’ लिखा संदूक बरामद