Bihar Crime: हमारे देश में गुरु (शिक्षक) को भगवान का दर्जा दिया जाता है, लेकिन बिहार के पूर्णिया जिले से जो खबर निकलकर सामने आई है, उसने गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को तार-तार करने का काम किया है। दरअसल यहां एक सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक पर 7 साल की बच्ची को कोल्ड ड्रिंक के नाम पर पेशाब पिलाने का घिनौना आरोप लगा है। पूरा मामला चंपानगर थाना क्षेत्र के सिंधिया पंचायत स्थित कन्या मध्य विद्यालय सिंधिया का है।

ठंडा बोलकर बच्ची को पिलाई शराब

आरोप है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक नंद किशोर राय ने पहली कक्षा में पढ़ने वाली एक मासूम छात्रा को एक बोतल में रखा पेशाब “ठंडा” और “कोल्ड ड्रिंक” बताकर पिला दिया। इस घटना की जानकारी सामने आने के बाद अभिभावकों और इलाके के लोगों में गुस्सा फैल गया। बड़ी संख्या में लोग स्कूल पहुंचकर हंगामा करने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी प्रधानाध्यापक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

बोतल से आ रही थी पेशाब जैसी गंध

इस घिनौनी करतूत का खुलासा उस समय हुआ, जब पीड़ित बच्ची रोते हुए घर पहुंची और अपनी मां को पूरी बात बताई। बच्ची ने अपनी मां को बताया कि, स्कूल में हेडमास्टर ने उसे एक ढक्कन में कुछ पिलाया और कहा कि ठंडा है, पीकर देखो। बच्ची ने जब उसे पिया तो अजीब स्वाद और बदबू महसूस हुई। इसके बाद वह घर भाग आई। बच्ची की बात सनुकर परिवार के लोग स्कूल पहुंचे, जहां बच्ची ने उस बोतल को उन्हें दिखाया, जिसे प्रधानाध्यापक ने उसे ठंडा कहकर पिलाया था। घरवालों ने जब बोतल को देखा और उसे सूंघा तो उसमें से पेशाब जैसी तेज गंध आ रही थी।

प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की मांग

आरोप है कि जब बच्ची के घरवालों ने आरोपी प्रधानाध्यापक से इस बारे में सवाल-जवाब किया तो उन्होंने गाली-गलौज करते हुए उन्हें स्कूल से भगाने की कोशिश की। धीरे-धीरे यह खबर गांव में फैल गई, जिसके बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा। भारी संख्या में लोग स्कूल पहुंचे और प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। मौके पर पहुंची चंपानगर थाने की पुलिस मामले को संभालते हुए लोगों को शांत कराया।

पुलिस ने आरोपी प्रधानाध्यापक को किया गिरफ्तार

पुलिस ने बच्ची की मां के बयान पर मामला दर्ज करते हुए आरोपी प्रधानाध्यापक नंद किशोर राय को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उस बोतल को भी जब्त कर लिया है, जिसकी जांच कराई जाएगी। हालांकि आरोपी हेडमास्टर ने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और बोतल की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की जो उचित कार्रवाई होगी वह की जाएगी।

ये भी पढ़ें- ‘जहन्नुम में जाने को तैयार रहे अपराधी’, मंत्री संजय सिंह टाइगर ने अपराधियों को दिया अल्टीमेटम