हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटे सहित 5 लोगों की मौत हो गई. वहीं, एक नेपाली मजदूर गंभीर रूप से घायल हुआ है. फिलहाल घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उसे प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है. सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने घटना पर दुख जताया है.
शनिवार को राजधानी शिमला के दरोटी इलाके में पानू नाला के पास एक कार के एक्सीडेंट में मां-बेटे समेत पांच लोगों की मौत हो गई.
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू स्थित नावर के दरोटी में सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को उजाड़ दिया. हादसे में रोहडू के दरोटी गांव के कुशल और उनकी मां कल्पना देवी सहित तीन नेपाली नागरिकों की जान चली गई. जबकि एक शख्स गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज चल रहा है.
यह दुर्घटना रोहडू उपमंडल के नावर क्षेत्र की टिक्कर तहसील में दरोटी गांव के पास हुई. पुलिस के अनुसार दरोटी निवासी कुशल अपनी मां कल्पना देवी पत्नी प्रमोद के साथ नेपाली मजदूरों को घास काटने के लिए ले जा रहा था. इनके अलावा नेपाली नागरिक निर्मला पत्नी पवन, मीना पत्नी प्रेम और रोशनी पुत्री प्रेम की भी दुर्घटना में मौत हो गई. इसी दौरान वाहन दुर्घटना का शिकार हो गया. हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.
एक्सीडेंट में गाड़ी पूरी तरह से टूट गई। तेज़ टक्कर और पीड़ितों की चीख-पुकार सुनकर, आस-पास के लोग मौके पर पहुँचे, बचाव का काम शुरू किया और घायलों को मलबे से निकाला.
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सड़क दुर्घटना पर दुख जताया है. मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने तथा घायल व्यक्ति को बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

