Rajasthan News: राजस्थान के बाड़मेर जिले में क्रूड ऑयल पाइपलाइन में लीकेज होने से किसानों के खेतों में बड़ी मात्रा में तेल फैल गया। घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी रिसाव जारी है, जिससे आसपास के खेत प्रभावित हो गए हैं। किसानों का आरोप है कि 12 घंटे से अधिक समय गुजरने के बावजूद न तो कंपनी की टीम मौके पर पहुंची और न ही रिसाव रोकने के लिए कोई कदम उठाया गया।

जानकारी के अनुसार, बाड़मेर के बोथिया क्षेत्र में भाग्यम वेल-12 के पास क्रूड ऑयल पाइपलाइन में अचानक लीकेज हो गया। इसके बाद तेल खेतों में फैलता चला गया। स्थानीय लोगों का दावा है कि करीब तीन से चार किलोमीटर तक के क्षेत्र में खेत क्रूड ऑयल और उससे मिश्रित रासायनिक पानी की चपेट में आ गए हैं।
घटना के बाद किसानों में भारी चिंता है। उनका कहना है कि खरीफ सीजन की बुवाई शुरू होने वाली है और उन्होंने खेती की तैयारी के लिए खेतों की साफ-सफाई भी कर ली थी। लेकिन पाइपलाइन से हुए रिसाव ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। अब खेतों में तेल और रासायनिक पानी भर जाने से फसल बोने पर संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के कई घंटे बाद भी न तो कंपनी का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचा और न ही जिला प्रशासन का कोई प्रतिनिधि हालात का जायजा लेने आया। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
फिलहाल सबसे बड़ी चिंता यह है कि मानसून सक्रिय होने की स्थिति में यदि बारिश होती है, तो खेतों में फैला क्रूड ऑयल और अधिक क्षेत्र में फैल सकता है। इससे न सिर्फ खेती, बल्कि आसपास के पर्यावरण पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द रिसाव रोकने, खेतों से तेल हटाने और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं, घटना के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
पढ़ें ये खबरें
- डोंबिवली अस्पताल मारपीट मामला: शिंदे गुट के नगरसेवक रमेश म्हात्रे गिरफ्तार, डॉक्टरों पर हमले के बाद बढ़ा विवाद
- CG News : भर्ती के बाद नहीं बदल सकते नियम, दृष्टिबाधित शिक्षकों के पक्ष में हाईकोर्ट का अहम आदेश, बर्खास्तगी रद्द
- विकास कार्यों के लिए धामी सरकार ने स्वीकृत किया करोड़ों रुपए, जानिए किस काम के लिए कहां कितना राशि होगी खर्च
- बरवाला में नया सरकारी पशु चिकित्सालय खोलने की तैयारी, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने सरकार को भेजा प्रस्ताव
- हिसार प्रशासन ने संभाली कमान, मानसून में जलभराव रोकने के लिए उपायुक्त ने किया ड्रेनों का औचक निरीक्षण
