Odisha Desk, भुवनेश्वर: कुछ समय के शुष्क मौसम के बाद, ओडिशा में एक बार फिर दशहरा और दुर्गापूजा के उत्सव के दौरान मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे राज्य में बारिश के आसार हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके प्रभाव से दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के आसपास एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की पूरी संभावना है। इसके प्रभाव से अगले कुछ दिनों के दौरान ओडिशा के विभिन्न हिस्सों में बारिश होने की संभावना है, जिसकी तीव्रता 14 और 15 अक्टूबर को और अधिक बढ़ सकती है।

दुर्गापूजा की तैयारियां इस समय राज्य भर में जोरों पर हैं, ऐसे में ऐन वक्त पर बारिश की संभावना ने पूजा आयोजकों, दुकानदारों और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

मौसम विभाग का कहना है कि अंडमान सागर के ऊपर सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के कारण यह कम दबाव का सिस्टम बन रहा है। एक बार बनने के बाद, इस प्रणाली के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। हालांकि, इसके सटीक रास्ते (Track) और तीव्रता को लेकर अगले 24 से 48 घंटों में और अधिक स्पष्टता सामने आएगी। इस बदलते मौसम के प्रभाव से आज रात से ही राज्य के कुछ हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि 14 और 15 अक्टूबर को राज्य के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं। विभिन्न जिलों में बारिश का वितरण और तीव्रता पूरी तरह से कम दबाव वाले इस सिस्टम की गति और दिशा पर निर्भर करेगी।

उल्लेखनीय है कि राज्य के कटक, भुवनेश्वर, राउरकेला, पुरी और ब्रह्मपुर समेत विभिन्न शहरों में दुर्गापूजा के भव्य पंडालों का निर्माण, आकर्षक सजावट और बाजार में खरीदारी का दौर चरम पर है। यदि इस दौरान बारिश होती है, तो पंडाल घूमने आने वाले श्रद्धालुओं और व्यावसायिक गतिविधियों पर इसका असर पड़ सकता है। प्रशासन और पूजा कमेटियां भी मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H