परवेज खान, छछरौली। देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश देने के लिए 13 अगस्त 2026 को मित्र फाउंडेशन और सरस्वती स्कूल से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ सुबह 11 बजे गवर्मेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, छछरौली से हुआ। मुख्यातिथि डॉ. भूपेश अरोड़ा और एसडीएम छछरौली जसपाल सिंह गिल ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया।

79 फीट लंबे तिरंगे ने खींचा ध्यान

यात्रा का मुख्य आकर्षण 79 फीट लंबा तिरंगा रहा। यात्रा में सैकड़ों विद्यार्थी, युवा, महिलाएं और क्षेत्रवासी शामिल हुए। इस दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। रास्ते में स्थानीय लोगों ने फूलों की वर्षा और तालियों के साथ तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।

शहीदों और महापुरुषों को किया नमन

इस मौके पर डॉ. भूपेश अरोड़ा ने शहीदों और महापुरुषों को नमन किया। उन्होंने कहा कि उनके जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।

एसडीएम ने आयोजन की सराहना की

एसडीएम छछरौली जसपाल सिंह गिल ने मित्र फाउंडेशन और सरस्वती स्कूल को तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से समाज में देशभक्ति की भावना मजबूत होती है।

युवाओं में राष्ट्रप्रेम बढ़ाना उद्देश्य

मित्र फाउंडेशन के संस्थापक सदस्यों पलक अग्रवाल, विशाल करण, मनोज सिंगला, योगेश अग्रवाल, गुलशन अरोड़ा, कपिल मनीष गर्ग और गौरव गोयल ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना और तिरंगे के सम्मान एवं महत्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। तिरंगा यात्रा का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। यात्रा में शामिल लोगों ने देश के प्रति एकता और समर्पण का संदेश दिया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m