Australia Team in trouble: टी20 विश्व कप 2026 का मंच सज चुका है. 7 फरवरी यानी कल से 10वें एडिशन का आगाज हो जाएगा. इस बार 20 टीमें मैदान में हैं, लेकिन इस इवेंट के शुरू होने से पहले ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के लिए बुरी खबर आई है. खबर ये है कि टीम के स्टार बॉलर जोश हेजलवुड चोट से रिकवर नहीं कर सके और पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं. कंगारू टीम को लगने वाला यह दूसरा बड़ा झटका है, क्योंकि पिछले हफ्ते पैट कमिंस के भी टूर्नामेंट मिस करने की खबर आई थी. इन दोनों गेंदबाजों के अलावा अब ऑस्ट्रेलिया के पास वो दिग्गज भी नहीं हैं, जो अकेले के दम पर मैच जिताता था. ये कोई और नहीं बल्कि मिचेल स्टार्क हैं, जो टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं. स्टार्क, कमिंस और हेजलवुड के बिना ऑस्ट्रेलिया अधूरी टीम है.

टी20 विश्व कप 2026 के आगाज से ठीक एक दिन पहले यानी 6 फरवरी को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कंफर्म किया है कि हेजलवुड इस बार नहीं खेलेंगे. वो चोट से पूरी तरह रिकवर नहीं हो सके हैं. हेजलवुड पिछले 3 महीनों से हैमस्ट्रिंग इंजरी से जूझ रहे हैं. फिर भी उन्हें ऑस्ट्रेलिया टीम में जगह मिली थी. पहले खबर आई थी कि वो ग्रुप स्टेज के मैच मिस करेंगे और सुपर 8 में वापसी कर सकते हैं, लेकिन कंगारू टीम की उम्मीदें तब टूट गईं जब हेजलवुड के बाहर होने की खबर आई. ऑस्ट्रेलिया का पहला मैच 11 फरवरी को आयरलैंड से है. ऐसे में कप्तान मिचेल मार्श युवा तेज गेंदबाजों के दम पर खिताब जीतने के लिए जोर लगाएंगे.

15 साल बाद होगा ऐसा

पूरे 15 साल बाद ऐसा होगा जब मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और जोश हेजलवुड की तिकड़ी किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया टीम के साथ नहीं होगी. स्टार्क 2024 के टी20 विश्व कप के बाद इस फॉर्मेट को अलविदा कह चुके हैं. कमिंस पीठ की चोट के चलते बाहर हुए, जबकि हेजलवुड हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते नहीं खेल पाएंगे. इससे पहले 2011 वर्ल्ड कप आखिरी ऐसा टूर्नामेंट था, जिसमें ऑस्ट्रेलिया की यह तिकड़ी शामिल नहीं थी, क्योंकि उस वक्त इनमें से किसी भी गेंदबाज का डेब्यू नहीं हुआ था.

तीन नए खिलाड़ियों को मौका

इस बार कंगारू टीम में स्पिनर मैथ्यू कुह्नेमन, ऑलराउंडर कूपर कॉनोली और तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट को मौका मिला है. ये तीनों पहली दफा टी20 विश्व कप का हिस्सा बने हैं.

किस ग्रुप में शामिल है ऑस्ट्रेलिया?

टी20 विश्व कप के लिए कंगारू टीम को ग्रुप बी में जगह मिली है, जिसमें श्रीलंका, जिम्बाब्वे, ओमान और आयरलैंड की टीमें हैं. पहला मैच 11 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ तय है, जो कोलंबो के आर. प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. ये टीम 20 तारीख को ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच ओमान के खिलाफ खेलेगी.

टी20 विश्व कप 2026 के लिए ऑस्ट्रेलिया का स्क्वॉड

मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रैविस हेड, मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, कैमरन ग्रीन, मैथ्यू रैनशॉ, कूपर कॉनोली, टिम डेविड, जोश इंग्लिस, बेन ड्वारशुइस, जेवियर बार्टलेट, नाथन एलिस, मैथ्यू कुह्नेमन और एडम जम्पा.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H