Korba-Raigarh News Update : कोरबा. चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनसे चोरी का माल भी बरामद कर लिया गया है. पसान थाना क्षेत्र अंतर्गत शैलेस कुमार यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि 4-5 फरवरी की दरमियानी रात रेलवे साइडिंग चैनेज नंबर 96 तेलियामार के कंस्ट्रक्शन एरिया में रखे करीब 22 नग लोहे के सेटरिंग प्लेट को कोई अज्ञात व्यक्ति के द्वारा चोरी कर लिया गया है. मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की पतासाजी में जुटी रही. मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्वार्थ तिवारी के निर्देश में थाना प्रभारी पसान चन्द्रपाल खाण्डे, प्रआर राजेन्द्र राय, आर. कमल कैवर्त, आर. विष्णु पाटले की टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी. इसी दौरान आरोपी दीपक कुमार साहू उर्फ पप्पू, नरेश तिर्की द्वारा चोरी कर चोरी के सेंटरिंग प्लेट कबाडी ताहिर अंसारी पेण्ड्रा के पास बेचना पाये जाने पर चोरी का माल सेंटरिंग प्लेट कबाडी ताहिर अंसारी के यार्ड से तथा चोरी के मशरूका की बिक्री रकम 73 सौ रू. जप्त कर आरोपी पसान निवासी दीपक कुमार साहू उर्फ पप्पू साहू उम्र 33 वर्ष पिता श्याम लाल साहू, तेलियामार पसान निवासी नरेश तिर्की उम्र 35 वर्ष पिता मदन लाल गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.

कोरबा को मिलेगी 217.14 लाख के विकास कार्यों की सौगात

मंत्री लखनलाल देवांगन शनिवार को नगर निगम कोरबा के विभिन्न वार्डों में 2 करोड़ 17 लाख 14 हजार रूपए के विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण करेंगे.  इस अवसर पर महापौर संजु देवी राजपूत भी विशेष रुप से  उपस्थित रहेंगी.

निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंत्री श्री देवांगन चारपारा कोहड़िया कोरबा से दोपहर 2:15 बजे रवाना होकर 3:15 बजे बालको जोन (बिरसामुण्डा बस्ती) पहुंचेंगे जहां वे वार्ड क्रमांक-42  अंतर्गत सामुदायिक भवन निर्माण का लोकार्पण करेंगे. जिसकी लागत राशि 25 लाख रूपए, आरसीसी नाली एवं सीसी रोड निर्माण कार्य राशि 30 लाख रूपए, बालको जोन अंतर्गत 08 नग नवीन आंगनबाड़ी का निर्माण कार्य 30 लाख रूपए, वार्ड क्रमांक 39 अंतर्गत रिंग रोड से रोहित घर तक एवं रिंकी मैडम घर से विबल साहू के घर तक ओ.पी.व्ही.सी पाईप बिछाने  लागत 41.66 लाख रूपए, वार्ड क्रमांक 47 अंतर्गत पालिटेक्निक कॉलेज बस्ती में ओ.पी.व्ही.सी पाईप बिछाने  लागत 16.48 लाख रूपए की कार्य शामिल है.

कैबिनेट मंत्री देवांगन सायं 4:30 बजे डुमरमुड़ा में श्री श्री अखण्ड तीन दिवसीय रामायण कार्यक्रम में शामिल होंगे. तत्पश्चात सायं 5:15 बजे स्वामी आत्मानंद स्कूल प्रांगण कटघोरा पहुंचकर संस्कार भारती द्वारा आयोजित भारत माता पूजन समारोह में शामिल होंगे. कार्यक्रम पश्चात रात्रि 8:00 बजे चारपारा कोहड़िया कोरबा पहुचेंगे.

मां की मौत के 4 माह बाद बेटे ने जहर खाकर दी जान

कोरबा. लंबी बीमारी से मां की मौत हो गई. जिससे बेटे को गहरा सदमा लगा. उसने परिचित व परिजनों से बात करना बंद कर दिया. वह पढ़ाई से दूर होता जा रहा था. उसकी यह हाल देख पिता ने उपचार भी कराए, लेकिन कोई लाभ नही हुआ. मां की मौत के करीब चार माह बाद बेटे ने चूहामार दवा का सेवन कर लिया. उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल दाखिल कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई. मामले में पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई की है.

हरदीबाजार थानांतर्गत ग्राम मोहरियामुड़ा में गनपत लाल मनहर निवास करता है. वह रोजी मजदूरी कर पत्नी सियाबाई 45 वर्ष व बच्चों का पालन पोषण करता था. तीन संतान में सबसे छोटा 19 वर्षीय पुत्र विक्रम कुमार मनहर हरदीबाजार में कॉलेज की पढ़ाई करता था. वह अपनी मां का लाडला था. विक्रम खुद भी मां के बेहद करीब था. वह मां के लकवाग्रस्त होने पर देखरेख करते आ रहा था. लंबी बीमारी के बाद 10 अक्टूबर 2025 को सियाबाई की मौत हो गई. इस घटना ने विक्रम को पूरी तरह तोड़ दिया. वह मां की मौत का सदमा बर्दाश्त नही कर सका. घटना के बाद से विक्रम ने परिचितों के अलावा परिजनों से भी बातचीत करना बंद कर दिया. वह गुमशुम बैठा रहता था. उसे खाने पीने का भी सुध नही था. उसकी कॉलेज से भी मन भर गया था. विक्रम रात रात भर जाग कर काट देता था. अपने बेटे का यह हाल देख पिता ने इलाज भी कराए, लेकिन कोई फायदा नही हुआ. वह बेटे का बेहतर ढंग से उपचार कराता, इससे पहले विक्रम ने चूहामार दवा का सेवन कर लिया. उसकी हालत बिगड़ने पर परिजनों को जानकारी हुई. वे आनन फानन इलाज के लिए विक्रम को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले आए, जहां उपचार के दौरान विक्रम की मौत हो गई.अस्पताली मेमों मिलने पर पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी की. तत्पश्चात शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है.

मुखबिरी की शक युवक का दिन दहाड़े अपहरण

रायगढ़. मुखबिरी की शक में युवक को दिन दहाड़े अपहरण करने का मामला सामने आया है. किडनैप करने के बाद आरोपियों ने युवक को दूसरे गांव ले गए थे. वहां रस्सी से हाथ-पैर बांधकर पहले तो मारपीट की और बाद में उसका मोबाइल लूट लिया और कया गांव में छोड़कर फरार हो गए. घरघोड़ा पुलिस ने का किडनैपिंग कर मारपीट और लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन तथा लूटा गया मोबाइल भी बरामद कर लिया है.

घटना की रिपोर्ट 5 फरवरी को थाना घरघोड़ा में प्रार्थी प्रीतराम चौहान पिता रूपसिंह चौहान उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम रायकेरा द्वारा दर्ज कराई गई. रिपोर्टकर्ता ने बताया कि 4 फरवरी को दोपहर करीब 1 बजे गांव के ठण्डु यादव के घर के पास मौजूद था, तभी ग्राम रायकेरा के रोहित दास महंत, हलधर राठिया एवं उनका साथी राजू यादव बोलेरो वाहन से पहुंचे और जबरन हाथ पकड़कर उसे वाहन में बिठा लिया. तीनों आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की और रायकेरा से ग्राम कया ले गए. वहां वाहन से उतारकर लकड़ी के डंडे व हाथ-मुक्कों से दोबारा बेरहमी से पिटाई की गई. आरोपियों ने प्रीतराम चौहान को आबकारी विभाग से शराब बिक्री करने वालों को पकडवाने की मुखबिरी के रंजीश पर गाली गलौज कर मारपीट किए और जान से मारने की धमकी देकर मोबाइल लूट लिया. रस्सी से बांधकर ग्राम कया के पास छोड़ दिया गया. घरघोड़ा पुलिस ने धारा 296, 351,2 115,2 ए 140,3ए 3,5 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को जांच में लिया था. घरघोड़ा टीआई कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में तत्काल दबिश दी गई. तीनों आरोपियों को रायकेरा में पकड़ लिया गया.

ये हैं किडनैपिंग के मास्टर माइंड

गिरफ्तार आरोपी रोहित दास महंत पिता स्व. मंगल दास महंत 40, हलधर राठिया पिता अमरसिंह राठिया 30, दोनों निवासी रायकेरा डोंगरीपारा, राजू यादव पिता स्व. उमित लाल यादव 33 निवासी ग्राम सिंघनपुर थाना कोसीर जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़ शामिल है. पूछताछ में आरोपियों ने गांव में शराब बिक्री करने वालों की मुखबिरी करने की रंजिश में अपहरण, मारपीट और मोबाइल लूट की वारदात स्वीकार की. आरोपी रोहित दास महंत से महिंद्रा बोलेरो क्रमांक सीजी 13 बीडी 8475 आरोपी हलधर राठिया से लूटा गया मोबाइल तथा आरोपी राजू यादव से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा जब्त किया गया. लूट की पुष्टि होने पर प्रकरण में धारा 309, 6 बीएनएस भी जोड़ी गई है. तीनों आरोपियों को रिमांड पर न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया.