अविनाश श्रीवास्तव/रोहतास। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज घास काटने जैसी छोटी सी बात पर एक शख्स की जान ले ली गई। मामला दिनारा थाना क्षेत्र के अरंग गांव का है, जहां रविवार की सुबह हुई इस हिंसक वारदात के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
खेत में विरोध करना पड़ा महंगा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के निवासी महावीर राम के 55 वर्षीय पुत्र लाल बहादुर राम रविवार की सुबह अपने खेत में मवेशियों के लिए चारा (घास) काटने गए थे। वहां उन्होंने देखा कि गांव का ही एक युवक पहले से उनके खेत में घास काट रहा है। जब लाल बहादुर ने अनधिकृत रूप से घास काटने का विरोध किया, तो आरोपी आगबबूला हो गया। बात गाली-गलौज से शुरू होकर हाथापाई तक पहुंच गई। देखते ही देखते युवक ने लाल बहादुर पर जानलेवा हमला कर दिया और उन्हें तब तक पीटा जब तक वे अचेत नहीं हो गए।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
परिजनों ने बताया कि मृतक के सिर के पिछले हिस्से और सीने पर चोट के गहरे निशान पाए गए हैं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। इस घटना ने पटीदारों के बीच के आपसी विवाद और बढ़ती असहनशीलता को भी उजागर किया है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
सूचना मिलते ही दिनारा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस चौकीदार लल्लू पासवान के अनुसार, यह विवाद दो पक्षों (पटीदारों) के बीच घास काटने को लेकर हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। गांव में फिलहाल तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


