Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (02 मार्च 2026) की खबरों में होली परAI से भीड़ नियंत्रित करेगा रेलवे, होली पर नमो भारत और मेट्रो सेवाएं रहेंगी बंद, दिल्ली की महिलाओं और बेटियों को बड़ा तोहफा, CBI ने निचली अदालत के बरी करने के आदेश को हाई कोर्ट में दी चुनौती, होली पर दिल्ली के व्यापारियों को 2000 करोड़ के कारोबार का अनुमान प्रमुख रहा।

होली पर AI से भीड़ नियंत्रित करेगा रेलवे
होली के त्योहार पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए भारतीय रेल ने बड़ा तकनीकी प्लान तैयार किया है। इस बार टिकट बुकिंग से लेकर ट्रेनों के संचालन और भीड़ प्रबंधन तक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद ली जा रही है, ताकि यात्रियों को घर जाने में परेशानी न हो। रेलवे के अनुसार, AI सिस्टम मांग के अनुसार अतिरिक्त कोच और विशेष ट्रेनों की योजना बनाने, सीट उपलब्धता का बेहतर आकलन करने और भीड़ वाले स्टेशनों पर व्यवस्थाएं मजबूत करने में मदद करेगा। इससे यात्रियों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और टिकट मिलने की संभावना भी बढ़ेगी। साथ ही, प्रमुख स्टेशनों पर क्राउड मैनेजमेंट के लिए भी AI आधारित निगरानी और डेटा विश्लेषण का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे सुरक्षा और व्यवस्था बेहतर बनी रहे। पढ़े पूरी खबर…..
होली पर नमो भारत और मेट्रो सेवाएं रहेंगी बंद
होली के त्योहार को देखते हुए एनसीआरटीसी (NCRTC) ने नमो भारत और मेरठ मेट्रो सेवाओं को लेकर अहम सूचना जारी की है। एनसीआरटीसी के अनुसार 4 मार्च को नमो भारत (Namo Bharat) और मेरठ मेट्रो सेवाएं सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक बंद रहेंगी। एनसीआरटीसी ने बताया कि होली के दौरान रंग खेलने और भीड़भाड़ को ध्यान में रखते हुए यात्रियों की सुरक्षा तथा ट्रेनों और स्टेशनों की सुरक्षा के लिए यह निर्णय लिया गया है। त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में लोग रंग और पानी के साथ यात्रा करते हैं, जिससे परिचालन प्रभावित होने की आशंका रहती है। पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली की महिलाओं और बेटियों को बड़ा तोहफा
होली से पहले दिल्ली की महिलाओं और बेटियों के लिए बड़ी सौगात दी गई है। द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली सरकार की ओर से महिलाओं और बालिकाओं के कल्याण के लिए चार महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ किया। इस पहल को ‘नारी शक्ति’ को समर्पित बड़ा उपहार माना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान 40,642 बालिकाओं को लगभग 100 करोड़ रुपये की डीबीटी (Direct Benefit Transfer) सहायता प्रदान की गई। इस आर्थिक सहायता का उद्देश्य बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने भविष्य को मजबूत कर सकें। पढ़े पूरी खबर…..

CBI ने निचली अदालत के बरी करने के आदेश को हाई कोर्ट में दी चुनौती
दिल्ली आबकारी नीति मामले(Delhi Excise Policy) में सीबीआई (CBI) ने निचली अदालत के फैसले को कानून के खिलाफ बताते हुए दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) में याचिका दाखिल की है। एजेंसी ने अदालत के सभी आरोपियों को बरी करने के आदेश को चुनौती दी है और मामले की पुनः समीक्षा की मांग की है। CBI का तर्क है कि निचली अदालत ने पर्याप्त साक्ष्यों और कानून की व्याख्या के बावजूद यह आदेश दिया, जो उचित नहीं है। मामले की अगली सुनवाई 9 मार्च को दिल्ली हाई कोर्ट में तय की गई है। इस केस की निगरानी और सुनवाई में उच्च न्यायालय यह तय करेगा कि आरोपियों की बरी करने का फैसला सही था या फिर CBI की याचिका मान्य की जाएगी। पढ़े पूरी खबर…..

होली पर दिल्ली के व्यापारियों को 2000 करोड़ के कारोबार का अनुमान
दिल्ली-एनसीआर में जगह-जगह होली मिलन समारोहों की धूम देखने को मिल रही है. मार्केट एसोसिएशन, सामाजिक संस्थाएं और आरडब्ल्यूए (RWA) बड़े पैमाने पर कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं, जहां लोग एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और चंदन टीका कर होली की शुभकामनाएं दे रहे हैं. फूलों और रंगों के साथ पारंपरिक अंदाज में होली खेली जा रही है. राजधानी दिल्ली में होली से पहले उत्सव का माहौल चरम पर है. चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) के मुताबिक, इस बार 5 हजार से ज्यादा कार्यक्रमों और 2000 करोड़ रुपये के कारोबार की संभावना है. पढ़े पूरी खबर…..
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
24 कैरेट सोने से बनी दिल्ली में ₹38000 किलो की मिठाई: आपको बता दें कि देश की राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने की शाही मिठाई मिल रही है. दिल्ली के मौजपुर स्थित शगुन स्वीट्स में मुकेश बंसल की बहुत ही फेमस मिठाई की दुकान है. 24 कैरेट सोने के गहने तो आपने पहने ही होंगे, लेकिन क्या आपने कभी 24 कैरेट सोना खाया है. वह भी पूरे स्वाद के साथ. अगर नहीं तो यह मिठाई इतनी लग्जरी और शाही ठाठ वाली है. यहां दुकान के शेफ जगन्नाथ द्वारा 24 कैरेट सोने की लग्जरी मिठाई बनाई जाती है, जिसकी कीमत 38000 रुपये किलो है. इसके अलावा भी यहां 120 तरह की अलग मिठाई आपको मिल जाएगी. इस सोने की मिठाई को प्रीमियम ड्राई फ्रूट्स के साथ ही देसी घी में बनाया जा रहा है. (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में होली को लेकर पुलिस सख्त: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस (Delhi Traffic Police) ने होली के मौके पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर कड़े इंतज़ाम किए हैं। दिल्ली की सड़कों पर 4,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे और जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। शराब पीकर गाड़ी चलाने, खतरनाक ड्राइविंग, रेड लाइट जंप करने और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का मुख्य उद्देश्य हुड़दंग को रोकना और त्योहार के दौरान सड़क हादसों से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली की मंडोली जेल के विचाराधीन कैदी की अस्पताल में मौत: दिल्ली पुलिस के अनुसार, उत्तर-पूर्वी दिल्ली स्थित मंडोली जेल में बंद 35 वर्षीय एक विचाराधीन कैदी की रविवार को गुरु तेग बहादुर अस्पताल (जीटीबी अस्पताल) में मौत हो गई। कैदी को बेहोशी की हालत में अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान आजाद के रूप में हुई है, जो एक मामले के सिलसिले में पिछले कुछ दिनों से जेल में बंद था। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में तेजी से बढ़ रही गर्मी: दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों चल रही तेज सतही हवाओं का असर अब वायु गुणवत्ता पर साफ दिखाई दे रहा है। पिछले कुछ दिनों की तुलना में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, तेज हवाएँ हवा में मौजूद धूल और प्रदूषक कणों को फैलाने में मदद कर रही हैं, जिससे वायु प्रदूषण की सांद्रता कम हुई है। इसके परिणामस्वरूप, दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के लगभग 90 प्रतिशत इलाके अब ‘येलो जोन’ यानी मध्यम श्रेणी में आ गए हैं। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली के समयपुर बादली में सनसनीखेज वारदात; दिल्ली पुलिस के अनुसार, समयपुर बादली इलाके में गर्भवती पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के आरोपी मुनचुन केवट ने गिरफ्तारी के बाद कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पूछताछ में उसने बताया कि वह क्रिकेट और अन्य खेलों पर सट्टेबाजी के कारण भारी कर्ज में डूब गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने उधार लिया, लेकिन उसमें से भी करीब एक लाख रुपये सट्टे में हार गया। आरोपी के मुताबिक, वसूली के लिए आए एक फोन कॉल के दौरान उसे कथित तौर पर धमकी भरी बातें कही गईं, जिसके बाद उसने परिवार को खत्म करने का फैसला कर लिया। पुलिस के अनुसार, कॉल के कुछ समय बाद ही वह करीब 90 रुपये में सब्जी/कटहल काटने वाला चाकू खरीदकर लाया और उसी से पत्नी व बेटियों की हत्या कर दी। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

