Bihar News: बिहार समेत पूरे देश में कल 4 मार्च को होली का त्योहार मनाया जाएगा। रमजान महीने में पड़ रहे होली को लेकर बिहार पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। पुलिस मुख्यालय ने शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार संपन्न कराने को लेकर विस्तृत गाइडलाइन जारी की है। इस बार जिला मुख्यालयों के साथ-साथ अनुमंडल स्तर पर भी अधिक से अधिक क्विक रिस्पांस टीम (QRT) बनाई जा रही हैं, ताकि किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई हो सके।

संवेदनशील इलाकों में विशेष चौकसी

इस बात की जानकारी एडीजी (विधि-व्यवस्था) पंकज कुमार दराद ने सोमवार (2 मार्च 2026) को पुलिस मुख्यालय स्थित सरदार पटेल भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने साफ शब्दों कहा कि, होली के दिन किसी भी प्रकार की अराजकता या हुड़दंगई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस मुख्यालय ने उन जिलों और स्थानों को चिह्नित किया है, जहां पिछले साल होली के दौरान विवाद या झड़प की घटनाएं हुई थीं। ऐसे इलाकों में इस बार अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी और विशेष रूप से QRT की तैनाती की जाएगी।

झूमटा जुलूस पर सख्ती

एडीजी ने बताया कि- अरवल, नवादा और गया जैसे जिलों में होली पर झूमटा जुलूस निकालने की परंपरा है। ऐसे में इन जगहों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। बिना लाइसेंस किसी को भी जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। इस संबंध में सभी थानों को निर्देश दिया गया है कि जुलूस के रूट का भौतिक सत्यापन करने के बाद ही अनुमति दी जाए।

डीजे और अश्लील गानों पर पूरी तरह रोक

रमजान के मद्देनजर पुलिस ने खास एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं। होलिका दहन स्थल के चयन से लेकर रंग-अबीर खेलने तक संयम रखने को कहा गया है। तेज आवाज में डीजे बजाने और खासकर अश्लील गाने चलाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

जिला और अनुमंडल स्तर पर वज्र वाहन, वाटर कैनन और लाठी बल के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सभी जिलों को सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपत्तिजनक पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई होगी। बता दें कि पुलिस आंकड़ों के अनुसार पिछले साल होली के मौके पर राज्य में 50 अधिक घटनाएं दर्ज की गई थी।

ये भी पढ़ें- होली पर ‘लाल पानी’ की पार्टी ने 7 दोस्तों को पहुंचाया जेल, मोतिहारी पुलिस का बड़ा एक्शन, जबरन रंग लगाने वालों की खैर नहीं