शिवम मिश्रा, रायपुर. छत्तीसगढ़ की 2 राज्यसभा सीटों (Rajya Sabha Election 2026) पर होने वाले चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार (3 मार्च) को पहले उम्मीदवार का ऐलान लक्ष्मी वर्मा के रूप में किया. घोषणा के बाद देर वह शाम भाजपा दफ्तर कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंची, जहां ढोल-नगाड़ों और उत्साहपूर्वक नारों से उनका स्वागत किया गया. इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप के अलावा  भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे. 

पार्षद से राज्यसभा उम्मीवार तक

राज्यसभा प्रत्याशी लक्ष्मी वर्मा ने राज्यसभा के लिए भाजपा की उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर कहा कि उन्होंने पार्षद के रूप में अपनी भूमिका शुरू की थी. वह छत्तीसगढ़ माटी की बेटी हैं. राज्यसभा सांसद के रूप में उन्हें नामांकित किया गया, उन्होंने इसके लिए पीएम मोदी और बीजेपी संगठन का धन्यवाद जताया. उनकी (भाजपा) सरकार ने मातृशक्ति को प्राथमिकता दी है. आज मातृशक्ति को नामांकन भरने का मौका दिया है. वहीं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भाजपा प्रत्याशी को लेकर कहा कि एक ओजस्वी कार्यकर्ता और होनहार बेटी को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाया गया है.