नालंदा। जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का एक बड़ा अवसर सामने आया है। बिहार सरकार के श्रम संसाधन विभाग के अंतर्गत जिला नियोजनालय, नालंदा द्वारा आगामी 17 मार्च (मंगलवार) और 18 मार्च (बुधवार) को एक विशेष दो दिवसीय जॉब कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप बिहारशरीफ के ब्लॉक कैंपस स्थित संयुक्त श्रम भवन में लगाया जाएगा।
इन दिग्गज कंपनियों में मिलेगा काम
जिला नियोजन पदाधिकारी मो. आकिफ वक्कास के अनुसार, इस भर्ती मेले में निजी क्षेत्र की लगभग 9 प्रतिष्ठित कंपनियां शिरकत कर रही हैं। इनमें फ्लिपकार्ट, स्वीगी, प्रथम फाउंडेशन, एलआईसी (LIC), पटेल एग्रो और इलीट नेचुरल लिमिटेड जैसी कंपनियां प्रमुख हैं।
पदों का विवरण और आकर्षक वेतन
कुल 300 से अधिक पदों पर बहाली की जानी है। मुख्य आकर्षण इस प्रकार हैं:
फ्लिपकार्ट: डिलीवरी एजेंट के 50 पदों पर 15,000 से 30,000 तक वेतन (साप्ताहिक भुगतान के साथ)।
इलीट नेचुरल लिमिटेड: हेल्पर के 120 पदों पर 16,000 वेतन के साथ तीन समय का भोजन मुफ्त।
अन्य पद: सेल्समैन, मैनेजर, कंप्यूटर ऑपरेटर, एचआर, केमिस्ट और बीमा सखी।
सैलरी रेंज: योग्यता के आधार पर 12,000 से लेकर 45,000 प्रति माह तक।
योग्यता और जरूरी शर्तें
इस कैंप में 8वीं पास से लेकर स्नातक, बी.कॉम, बी.एससी और एमबीए डिग्री धारक युवा भाग ले सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को बिहारशरीफ, राजगीर और पटना के अलावा दिल्ली एवं बेंगलुरु जैसे महानगरों में भी काम करने का मौका मिल सकता है।
कैसे हों शामिल?
इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और बायोडाटा के साथ निर्धारित तिथियों को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे के बीच जिला नियोजनालय पहुंच सकते हैं। ध्यान रहे कि यह निजी क्षेत्र की नौकरियां हैं, अतः नियोजन की शर्तों के लिए संबंधित कंपनियां ही जिम्मेदार होंगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

