Chaitra Navratri 2026: गुरुवार से चैत्र नवरात्रि की शुरुआत हो रही है। मध्य प्रदेश के तमाम छोटे से लेकर बड़े मंदिरों में इसे लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। इसी कड़ी में बुधनी विधानसभा में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां विजयासन देवी मंदिर में भीड़ उमड़ने की संभावना के कारन व्यवस्थाएं की गई हैं। साथ ही आगर मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में भी व्यापक तैयारियां कर ली गई हैं।

मां विजयासन देवी मंदिर में तैनात रहेंगे सैंकड़ों पुलिस जवान

मुकेश मेहता, बुधनी। मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां विजयासन देवी मंदिर में कल से चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ शुरू होने जा रहा है। यह दिव्य धाम बुधनी विधानसभा क्षेत्र में स्थित है और हर साल लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनता है।

19 मार्च को प्रातः 10:47 बजे शुभ मुहूर्त में घट स्थापना एवं ज्योति स्थापना के साथ नौ दिवसीय नवरात्रि पर्व का शुभारंभ होगा, जो 27 मार्च को राम नवमी के दिन सम्पन्न होगा।

नवरात्रि के दौरान मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। गर्मी के मौसम को देखते हुए मंदिर समिति द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पानी, छांव, तथा परिक्रमा मार्ग में कारपेट बिछाने जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

महंत प्रभु दयाल शर्मा

सुरक्षा की दृष्टि से भी पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेंगे। सैकड़ों पुलिस जवान और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहेंगे, जिससे व्यवस्था सुचारू बनी रहे। मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालु लगभग 1400 सीढ़ियों का रास्ता तय कर सकते हैं, वहीं रोपवे और सड़क मार्ग की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे हर आयु वर्ग के भक्त आसानी से दर्शन कर सकें। भक्ति, श्रद्धा और उत्साह के इस महापर्व में सलकनपुर एक बार फिर आस्था के रंग में रंगने को तैयार है।

नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में तैनात रहेंगे सैकड़ों पुलिस जवान

राकेश चतुर्वेदी, भोपाल/ आगर मालवा। चैत्र नवरात्रि को लेकर आगर मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में तैयारियां जोरों पर हैं। इस बार मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान जताया जा रहा है, जिसे देखते हुए मंदिर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।

मंदिर परिसर को आकर्षक साज-सज्जा से सजाया जा रहा है और विशेष विद्युत व्यवस्था भी की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। दर्शन व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए जगह-जगह बेरिकेटिंग की गई है। वहीं सुरक्षा कारणों से गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और श्रद्धालु सभामंडप से ही माता के दर्शन कर सकेंगे। 

श्रद्धालुओं को सीधे दर्शन का अनुभव देने के लिए बड़ी एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई हैं। वहीं, भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m