अभय मिश्रा, मऊगंज। डॉक्टर को धरती पर भगवान का रूप माना जाता है, लेकिन मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले से एक ऐसी खबर आई है जिसने इस पवित्र पेशे को शर्मसार कर दिया है। यहां एक झोला छाप डॉक्टर ने न केवल मरीज के भरोसे का कत्ल किया, बल्कि प्यार और शादी का ऐसा नाटक रचा जिसे सुनकर आपकी रूह कांप जाएगी।  

बीमारी का इलाज कराने पहुंची थी पीड़िता

जनवरी 2025, मऊगंज का एक क्लीनिक, जहां एक युवती अपनी बीमारी का इलाज कराने पहुँचती है। सामने सफेद कोट पहने डॉक्टर अरविंद कुमार गौड़ बैठा था। युवती को लगा कि उसे मर्ज की दवा मिलेगी, लेकिन उसे क्या पता था कि वह एक ऐसी साजिश की शिकार होने जा रही है जहां दवाइयों की जगह मीठी बातों ने ले ली थी।

मांग में सिंदूर भरने के बाद शुरू हुआ दरिंदगी का खेल

धीरे-धीरे क्लीनिक की मुलाकातों में भरोसा बढ़ता गया। डॉक्टर ने प्यार का ऐसा मायाजाल बुना कि युवती उसमें उलझती चली गई। मार्च 2025 में इस कहानी में ‘फिल्मी ट्विस्ट’ आता है। बिना सात फेरों और बिना गवाहों के, डॉक्टर साहब ने युवती की मांग में सिंदूर भरा और उसे पत्नी स्वीकार कर लिया। जून 2025 से जनवरी 2026 तक… एक किराए का कमरा इस धोखे का गवाह बना। पति-पत्नी के नाम पर हर दिन युवती का शारीरिक शोषण होता रहा। लेकिन जैसे ही युवती बीमार होकर अपने घर लौटी, डॉक्टर का असली चेहरा सामने आ गया। फोन बंद, नंबर ब्लॉक और सारे वादे हवा हो गए।

पहले से शादीशुदा और निकला 3 बच्चों का बाप


जब युवती सच्चाई जानने डॉक्टर के गांव ‘चिराव’ पहुँची, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। जिस शख्स को वो अपना सर्वस्व मान चुकी थी, वो पहले से शादीशुदा था और तीन बच्चों का बाप निकला। ठगी गई युवती ने हार नहीं मानी और नईगढ़ी थाने में अपनी आपबीती सुनाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन जाल बिछाया। लोकेशन ट्रेस की गई और यूपी के प्रयागराज में घेराबंदी कर इस ‘सफेद पोश दरिंदे’ को गिरफ्तार कर लिया गया। आज वो सलाखों के पीछे है, लेकिन सवाल ये कि आखिर समाज के रक्षक ही जब भक्षक बन जाएं, तो आम इंसान किस पर भरोसा करे?

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m