सोहराब आलम/ मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चम्पारण जिले से सत्ता और पद के मद में चूर एक सरकारी सेवक की गुंडागर्दी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पकड़ीदयाल प्रखंड के चैता गांव में कृषि विभाग में कार्यरत अधिकारी प्रकाश सिंह (शंकु) ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर कानून की धज्जियां उड़ा दीं। इस पूरी वारदात का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

​हथियार बंद गुंडों के साथ घर पर धावा

​पीड़ित सुजीत कुमार सिंह के अनुसार कृषि अधिकारी प्रकाश सिंह अपने साथी टूटू कुमार और कुछ नकाबपोश अपराधियों के साथ उनके घर पहुंचा। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे एक लोक सेवक जिसका काम जनता की सेवा करना है वह हाथ में रिवॉल्वर लिए दरवाजे पर तांडव कर रहा है। चश्मदीदों का कहना है कि दबंग अधिकारी ने न केवल हथियार चमकाए बल्कि दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की।

​पुलिस मेरी मुट्ठी में है: प्रशासन को दी चुनौती

​हैरानी की बात यह है कि आरोपी अधिकारी ने पीड़ित परिवार को पुलिस के नाम पर ही धमकाया। उसने खुलेआम कहा कि प्रशासन उसकी मुट्ठी में है और यदि किसी ने शिकायत की तो वह उन्हें ही फर्जी मुकदमों में फंसाकर जेल भिजवा देगा। एक सरकारी पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा इस तरह की धमकी प्रशासनिक फेल्योर की ओर इशारा करती है।

खौफ के साये में पीड़ित परिवार

इस हिंसक घटना के बाद सुजीत कुमार सिंह का पूरा परिवार गहरे सदमे और डर के माहौल में जी रहा है। पीड़ित ने स्पष्ट कहा है कि यदि भविष्य में उनके परिवार को कोई नुकसान पहुंचता है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रकाश सिंह और स्थानीय प्रशासन की होगी। वीडियो सबूत होने के बावजूद अब तक गिरफ्तारी न होना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े करता है।