UP WEATHER TODAY. पिछले एक सप्ताह से उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान और बारिश का दौर जारी है. लेकिन मौसम विभाग के मुताबिक बेमौसम बारिश का सिलसिला अब थमने वाला है. सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है और अगले 5-6 दिनों में पूरी तरह समाप्त हो जाएगा. इस बदलाव के साथ ही मौसम शुष्क हो जाएगा और तापमान में 8 से 10 डिग्री तक की बढ़ोतरी होने के आसार हैं.

लखनऊ मौसम केंद्र के मुताबिक अगले एक हफ्ते तक प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा. आसमान साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी, जिससे गर्मी अपने पूरे फॉर्म में रहेगी. विभाग के मुताबिक आने वाले 4-5 दिनों तक यहां बारिश की कोई संभावना नहीं है. दोपहर में तेज धूप के चलते अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है. हालांकि सुबह और शाम के समय 25-35 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली हवाएं थोड़ी राहत देंगी.

इसे भी पढ़ें : Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 10 April : श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन

वहीं लखनऊ में 10 और 11 अप्रैल को हल्के बादल छाए रह सकते हैं. हालांकि बारिश होने के कोई भी आसार नहीं हैं. 12 से 14 अप्रैल के बीच मौसम पूरी तरह साफ रहेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंच सकता है, जिससे दिन में गर्मी का एहसास बढ़ेगा और रातें भी गर्म होने लगेंगी. मौसम विभाग के मुताबिक 15 अप्रैल के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. जिससे महीने के बीच में एक बार फिर मौसम बदल सकता है. हालांकि तब तक उत्तर प्रदेश और आसपास के राज्यों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा.