अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के देवलौंद थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद ने दुखद मोड़ ले लिया, जहां पत्नी और पड़ोसन की मानसिक प्रताड़ना से आहत एक पति ने पड़ोसन के घर के सामने पेट्रोल डालकर अग्नि स्नान कर आत्मघाती कदम उठा लिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी और पड़ोसन को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, बाणसागर वार्ड क्रमांक 9 निवासी रवि कचेर (35) का 2 अप्रैल को अपनी पत्नी ज्योति सिंह (कचेर) से मोबाइल पर किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत को लेकर विवाद हुआ था, विवाद बढ़ने पर पत्नी ने थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी, अगले दिन 3 अप्रैल को ज्योति सिंह, पड़ोस में रहने वाली रानी द्विवेदी के घर चली गई, जहां कथित रूप से उसे पति से तलाक लेने के लिए उकसाया जा रहा था। 

इसी घटनाक्रम से मानसिक रूप से परेशान रवि कचेर ने 3 अप्रैल को  पेट्रोल लाकर रानी द्विवेदी के घर के सामने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे रवि को उपचार के लिए संजय गांधी मेडिकल हॉस्पिटल रीवा में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम किया और पत्नी व पड़ोसन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। 

पुलिस अधिकारियों की समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ था, मामले की जांच के दौरान पुलिस ने प्रथम दृष्टया दुष्प्रेरण (अभियोजन) के साक्ष्य पाए,इसके आधार पर देवलौंद थाना पुलिस ने पत्नी ज्योति सिंह और पड़ोसन रानी द्विवेदी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर  दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m