Sports Desk – Vaibhav Suryavanshi Receives Special Gift From Virat Kohli : वैभव सूर्यवंशी जिस तरह आईपीएल 2025 में खेले थे, उससे कहीं ज्यादा घातक वो आईपीएल 2026 में दिख रहे हैं. पिछले सीजन 7 मैचों में 1 शतक और 1 फिफ्टी के दम पर 252 रन बनाने वाले वैभव इस बार पहले 4 मैचों में ही 200 रन तक पहुंच चुके हैं. उन्होंने अब तक 266.67 के स्ट्राइक रेट और 50 की औसत से 200 रन बनाए हैं और ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे हैं.

10 अप्रैल की रात आरसीबी के खिलाफ हुए मुकाबले में वो राजस्थान रॉयल्स की जीत के हीरो रहे. उन्होंने जोश हेजलवुड, भुवनेश्वर कुमार, क्रुणाल पांड्या जैसे गेंदबाजों से सजी आरसीबी की बॉलिंग लाइनअप की धज्जियां उड़ा दीं.

26 गेंदों पर 78 रनों की तूफानी पारी

वैभव ने सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 26 गेंदों पर 78 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे. इस प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. 202 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी राजस्थान ने यह मैच 18 ओवर में 4 विकेट खोकर जीत लिया. वैभव के अलावा ध्रुव जुरेल ने 43 बॉल पर 8 चौके और 3 छक्के लगाए.

कोहली ने बना दिया वैभव का दिन

वैभव की बैटिंग ने हर किसी को हैरान कर दिया. उनकी बल्लेबाजी देख विराट कोहली भी 15 साल के वैभव के फैन हो गए. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की हार के बाद विराट ने कुछ ऐसा किया, जिसकी चर्चा हर तरफ है. उन्होंने वैभव को ड्रेसिंग रूम में एक खास तोहफा दिया, जिसकी फोटो खुद वैभव ने शेयर की है. मतलब ये कि 10 अप्रैल की रात वैभव के लिए एक सपने के सच होने जैसी रही. वो जीत के हीरो रहे और विराट जैसे दिग्गज से खास तोहफा भी मिल गया. आरसीबी की हार के बावजूद विराट ने खेल भावना दिखाते हुए वैभव को जो गिफ्ट दिया, उसकी तस्वीर अब इंटरनेट पर आग की तरह वायरल हो रही है.

विराट कोहली का ‘स्पेशल गिफ्ट’

मैच खत्म होने के बाद वैभव सूर्यवंशी विराट दिग्गज कोहली से मिलने पहुंचे थे. विराट ने इस युवा खिलाड़ी की प्रतिभा का सम्मान किया और उनकी राजस्थान रॉयल्स (RR) की कैप पर अपना ऑटोग्राफ दिया. विराट ने सिर्फ दस्तखत नहीं किए, बल्कि कैप पर सुनहरे शब्दों में लिखा ‘Dear Vaibhav, Well Done’. वैभव ने सोशल मीडिया पर अपनी ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ ट्रॉफी, ‘ऑरेंज कैप’ और विराट के ऑटोग्राफ वाली कैप की फोटो शेयर की है.