IPL 2026: इन दिनों वैभव सूर्यवंशी तबाही मचा रहे हैं. छक्के लगाना उनके लिए बाएं हाथ का खेल है. वैभव ने आईपीएल में दो सीजन खेले और छा गए हैं. 19वें सीजन में वो दो बार 15 बॉल पर अर्धशतक लगा चुके हैं. और इस लीग के इतिहास में 15 बॉल पर 2 बार फिफ्टी जमाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने सबसे पहले 30 मार्च को गुवाहाटी में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ भी 15 गेंदों में अर्धशतक बनाया था और अब 10 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ शुक्रवार को खेले गए IPL मैच में सिर्फ 26 गेंद पर 78 रन ठोककर उपलब्धि हासिल की है.

आरसीबी के खिलाफ वैभव की पारी में 7 छक्के और 8 चौके शामिल रहे, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आईपीएल में वैभव से पहले एक खिलाड़ी ऐसा हुआ, जिसने दो बार 15 बॉल पर अर्धशतक ठोके थे. ये कोई नहीं बल्कि वही खिलाड़ी है, जिसने आते ही वैभव की तरह ही IPL में तबाही मचा दी थी, लेकिन आज गुमनाम हो चुका है.
ऑस्ट्रेलिया का वैभव सूर्यवंशी कौन?
दरअसल, IPL के 2024 सीजन में ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क ने भी दिल्ली कैपिटल्स के लिए 15 गेंदों में 2 अर्धशतक बनाए थे. मैकगर्क को ऑस्ट्रेलिया का वैभव सूर्यवंशी कहा जाए तो गलत नहीं होगा, क्योंकि भले ही उनकी उम्र 22 साल थी, लेकिन वो छक्के लगाने में वैभव की तरह ही नजर आ रहे थे. दिल्ली की टीम ने उन्हें 9 करोड़ रुपए के साथ अपने साथ जोड़ा था.
डेब्यू सीजन में मचाई थी तबाही

जेक फ्रेजर-मैकगर्क ने IPL 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए डेब्यू किया था. अपने डेब्यू सीजन में ही उन्होंने तबाही मचा दी थी. दाएं हाथ के इस तूफानी ओपनर ने 9 मैचों में 234.04 के स्ट्राइक रेट और 36.67 की औसत से कुल 330 रन ठोके थे, जिसमें 32 चौके और 28 छक्के थे. दूसरा सीजन यानी IPL 2025 में भी वो दिल्ली के लिए खेले, लेकिन फ्लॉप रहे.
पहले सीजन में हीरो, दूसरे सीजन में जीरो
पहले सीजन में 300 प्लस रन बनाने वाले मैकगर्क के नाम दूसरे सीजन के 6 मैचों में एक भी अर्धशतक नहीं था. वो सिर्फ 55 रन बना सके, जिसमें 38 रन हाई स्कोर था. उनका औसत 9.17 जबकि स्ट्राइक रेट 105.77 का रहा था. मतलब पहले सीजन हीरो और दूसरे सीजन जीरो साबित हुए थे. इसलिए दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें रिलीज कर दिया था और फिर नीलामी में खरीदा नहीं गया. दिल्ली क्या, उनमें किसी भी टीम ने दिलचस्पी नहीं दिखाई थी और वो अनसोल्ड रह गए थे.
IPL में 15 या उससे कम गेंदों पर सबसे ज्यादा अर्धशतक जड़ने वाले टॉप-5 बल्लेबाज
जेक फ्रेजर-मैकगर्क (दिल्ली कैपिटल्स)- 2 अर्धशतक
वैभव सूर्यवंशी (राजस्थान रॉयल्स)- 2 अर्धशतक
यशस्वी जायसवाल (राजस्थान रॉयल्स)-1 अर्धशतक
केएल राहुल (पंजाब किंग्स)- 1 अर्धशतक
पैट कमिंस (कोलकाता नाइट राइडर्स)- 1 अर्धशतक
आखिर कहां गए जेक फ्रेजर-मैकगर्क?

जेक फ्रेजर-मैकगर्क ने घरेलू क्रिकेट में बल्ले से तबाही मचाई थी. उनके नाम लिस्ट A क्रिकेट में सबसे तेज शतक जड़ने का रिकॉर्ड है. वो T20 में खतरनाक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने 2023 में ऑस्ट्रेलिया के घरेलू 50 ओवर टूर्नामेंट मार्श कप में 29 गेंद पर शतक जड़कर इतिहास रच दिया था. दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के लिए खेलते हुए उन्होंने तस्मानिया के खिलाफ 38 गेंदों पर 125 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी, जिसमें 10 चौके और 13 छक्के उड़ाए थे. इसके बाद उन्हें ऑस्ट्रेलिया की नेशनल टीम में डेब्यू का मौका मिला.
कैसा है मैकगर्क का क्रिकेट करियर?
जेक फ्रेजर-मैकगर्क अब तक 8 T20 इंटरनेशनल मैचों में 115 रन ही बना सके हैं. उनका औसत 14.38 जबकि स्ट्राइक रेट 133.73 का रहा है. वहीं IPL में अब तक 15 मुकाबले खेले हैं और 199.48 की विस्फोटक स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 385 रन बनाए हैं, लेकिन वो साल 2026 की शुरुआत में IPL और ऑस्ट्रेलिया की नेशनल टीम से बाहर हो चुके हैं और लाइमलाइट से दूर हैं. आखिरी दफा वो 21 फरवरी 2026 को घरेलू क्रिकेट में मैदान पर उतरे थे. उन्होंने लिस्ट A में साउथ ऑस्ट्रेलिया टीम के लिए मैच खेला था. वो घरेलू क्रिकेट में मेहनत कर रहे हैं और जल्द ही नेशनल टीम और IPL में वापसी करना चाहेंगे.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

