मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को लखीमपुर खीरी जनपद के दौरे पर थे. यहां उन्होंने मोहम्मदी तहसील के मियांपुर गांव का नाम बदलकर रवींद्र नगर करने की घोषणा की है. गांव के लोगों ने सीएम के इस फैसले का स्वागत किया है. तो वहीं दूसरी तरफ सपा सांसद आनंद भदौरिया इस फैसले से खुश नहीं लग रहे हैं. उन्होंने एक्स पर जो पोस्ट किया है उससे तो यही लग रहा है कि सांसद जी को सरकार के इस निर्णय से आपत्ति है.

सांसद ने लिखा है कि ‘मुख्यमंत्री जी आज आपका आगमन हमारे लोकसभा क्षेत्र के विधानसभा क्षेत्र मोहम्मदी के ग्राम मियांपुर में हुआ. आपने यह कहते हुए कि यहां एक भी मियां नहीं रहता और उसका नाम बदल दिया. माननीय जी हमारी मोहम्मदी की गंगा जमुनी तहजीब ऐसी है कि यहां सौ प्रतिशत मुस्लिम आबादी वाले मुहल्ले का नाम “देवीस्थान” और हिन्दू मुहल्ले का नाम “इस्लामाबाद” है. वैसे मोहम्मदी वासी आज पिछले विधानसभा चुनाव में रामलीला मैदान में आपके द्वारा मोहम्मदी को जिला बनाने का संकल्प पूरा होने की प्रतीक्षा में थे’.

इसे भी पढ़ें : सीएम योगी का बड़ा ऐलान, मियांपुर का नाम बदलकर होगा ‘रविंद्र नगर’, कहा- हर नागरिक को मिल रहा उसका अधिकार

बता दें कि सीएम योगी ने कार्यक्रम में बड़ा ऐलान करते हुए कहा था कि अब मियांपुर का नाम बदलकर रविंद्र नगर किया जाएगा. सीएम ने कहा कि गांव में एक भी मियां नहीं रहते फिर भी नाम मियांपुर रखा गया था और पहचान छिपाने के लिए यह नाम रखा गया था. हर जनपद में समान विकास हो रहा है. पहले की सरकारों में विकास केवल सैफई तक सीमित था और गरीबों के हक पर डाका डाला गया था. अब एक परिवार की तरह 15 करोड़ लोग हमारा परिवार हैं.