अजयारविंद नामदेव, शहडोल। नशे के अवैध कारोबार का अंजाम अक्सर सलाखों के पीछे होता है। लेकिन शहडोल के जैतपुर में इस काले धंधे का बेहद खौफनाक अंत सामने आया है। पुलिस की दबिश और पकड़े जाने के डर ने तीन युवकों को मौत के अंधे कुएं में ढकेल दिया। पुलिस से बचने की कोशिश में तीन युवक भागते-भागते कुएं में गिर गए, जहां डूबने से तीनों की दर्दनाक मौत हो गई। 

घटना की शुरुआत जैतपुर थाना क्षेत्र के कामता कॉलेज तिराहे  के पास हुई, जहां देर रात गश्त पर निकली डायल 112 की टीम ने सड़क किनारे एक दुर्घटनाग्रस्त सफेद क्रेटा कार देखी। पुलिस जब कार के पास पहुँची, तो गाड़ी खाली थी, लेकिन अंदर से 5 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ। पुलिस नशीले पदार्थ को जब्त कर लौट गई, लेकिन असल मंजर अगली सुबह साफ हुआ।

यह भी पढ़ें: गांजा तस्करी का खौफनाक अंत: पुलिस से बचने भागे 2 तस्कर कुएं में गिरे, दोनों की मौत, कार से 5KG गांजा बरामद

सुबह किसान कन्हैया लाल यादव के खेत में स्थित कुएं में लाशें तैरती देख क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने जब रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया तो एक-एक कर तीन शव बाहर निकले। मृतकों की पहचान रोहित शर्मा (निवासी बुढार) जिले के कुख्यात गांजा तस्कर के रूप में हुई। वहीं उसका साथी तनुज शुक्ला (निवासी शहडोल) और सचिन सिंह बघेल (निवासी बुढार) के रूप में हुई। 

ऐसी आशंका जताई जा रही है कि पुलिस की गाड़ी देख तस्करों ने कार की रफ्तार बढ़ा दी थी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। घायल अवस्था में खुद को बचाने के लिए तीनों युवक अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर भागे। घबराहट और घने अंधेरे के कारण उन्हें सामने मौत बनकर खड़ा कुआं नहीं दिखा और वे सीधे उसमें जा गिरे। चोटिल होने के कारण वे तैरकर बाहर नहीं निकल सके और दम तोड़ दिया, जिन्हें पुलिस ने रेस्क्यू कर एक एक करके कुएं से बाहर निकाला। 

वहीं इस पूरे मामले में एसडीओपी विकास पाण्डेय ने बताया कि देर रात एक कार दुर्घटनाग्रस्त मिली। जिसमें गांजा बरामद हुआ है। कार में सवार तीन युवक भागने के दौरान कुएं में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m