प्रदीप गुप्ता, कवर्धा। भीषण गर्मी में अपनी कैंसर पीड़ित पत्नी को बाइक पर खाट बांधकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे लाचार पति की खबर को लल्लूराम डाॅट कॉम ने प्रमुखता से दिखाई थी। इस पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तत्काल संज्ञान लिया है और डॉक्टरों को बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए हैं।

बता दें कि विजय शर्मा इन दिनों बंगाल के दौरे पर हैं। खबर देखने के बाद उपमुख्यमंत्री शर्मा ने लल्लूराम डॉट कॉम के संवाददाता प्रदीप गुप्ता से मामले की जानकारी ली और डॉक्टरों के जरूरी निर्देश दिए। कैंसर पीड़ित मरीज इस वक्त जिला हॉस्पिटल में डॉक्टरों की निगरानी में है, जहां इलाज जारी है।

दरअसल, बोड़ला विकासखंड के नागवाही गांव के रहने वाले समलु मरकाम आज अपनी गंभीर रूप से बीमार पत्नी को खाट पर लिटाकर बाइक के जरिए कलेक्ट्रेट पहुंचा था और आर्थिक मदद की गुहार लगा रहा था। इसी दौरान लल्लूराम डॉट कॉम की टीम मौके पर कवरेज कर रही थी। मामला सामने आते ही कलेक्टर गोपाल वर्मा ने संज्ञान लिया और तत्काल एंबुलेंस भेजकर बीमार महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही कलेक्टर ने सीएमएचओ को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फिलहाल महिला का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

इसे भी पढ़ें – छत्तीसगढ़ में खाट पर स्वास्थ्य सिस्टम ! पत्नी को बांधकर अस्पताल लाता है पति, कलेक्ट्रेट पहुंचकर मदद की लगाई गुहार, देखिए मार्मिक VIDEO…

डिप्टी सीएम ने हरसंभव मदद के दिए निर्देश

जानकारी के मुताबिक, महिला पिछले दो वर्षों से कैंसर से जूझ रही है। इससे पहले पीड़ित पति ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से भी मुलाकात की थी। उपमुख्यमंत्री ने न सिर्फ आर्थिक सहायता प्रदान की थी, बल्कि रायपुर के मेकाहारा और एम्स जैसे बड़े अस्पतालों में इलाज की व्यवस्था भी कराई थी। हालांकि परिजनों द्वारा बीच में इलाज छोड़ देने के कारण स्थिति और ज्यादा बिगड़ गई। डिप्टी सीएम विजय शर्मा के स्पष्ट निर्देश हैं कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दी जाए और बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए।

थायराइड कैंसर के अंतिम स्टेज में है महिला : CMHO

सीएमएचओ ने बताया कि महिला थायराइड कैंसर के अंतिम स्टेज में है। जिला अस्पताल में उनका इलाज जारी है। जरूरत पड़ने पर उच्च संस्थान में रेफर करने पर भी विचार किया जा रहा है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H