रवि रायकवार, दतिया। विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री पीतांबरा पीठ, दतिया के नाम पर सोशल मीडिया और फर्जी मोबाइल ऐप्स के जरिए अनुष्ठान कराने वालों पर मंदिर प्रबंधन ने सख्त एक्शन लेने का निर्णय लिया है। ठगों द्वारा श्रद्धालुओं को ऑनलाइन हवन और अनुष्ठान का झांसा देकर लाखों रूपए वसूले जा रहे हैं। जिस पर अब मंदिर प्रबंधन ने कड़ा रूख अपनाते हुए कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर ली है।

पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर मिर्ची हवन और डिजिटल अनुष्ठान के नाम पर भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि ऑनलाइन भुगतान कर श्रद्धालु घर बैठे पीतांबरा पीठ में विशेष हवन करा सकते हैं। जिसे मंदिर के व्यवस्थापक महेश दुबे ने इन दावों को पूरी तरह से निराधार और फर्जी बताया है।

प्रबंधन ने जताई चिंता

श्री पीतांबरा पीठ के व्यवस्थापक महेश दुबे ने कहा कि मंदिर में मिर्ची वाला हवन जैसा कोई विधान नहीं होता है। श्री पीतांबरा पीठ में साल में केवल दो बार चैत्र और शारदीय नवरात्र के दौरान ही विशेष हवन यज्ञ आयोजित किए जाते हैं। डिजिटल माध्यम से पैसे लेकर हवन कराने का मंदिर का कोई आधिकारिक प्रावधान नहीं है।

प्रबंधन कराएगा FIR, कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन

मंदिर प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि वे ऐसे फर्जी ऐप्स और सोशल मीडिया हैंडल को चिन्हित कर रहे हैं जो मंदिर की छवि खराब कर रहे हैं और श्रद्धालुओं को धोखा दे रहे हैं। प्रबंधन मामले में जिला कलेक्टर से मिलकर एक ज्ञापन भी सौंपने की तैयारी में हैं।

प्रबंधन ने की श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील

प्रबंधन ने देशभर के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रहे ऐसे किसी भी भ्रामक विज्ञापनों या ऐप्स के झांसे में न आएं। मंदिर की अपनी परंपराएं हैं और किसी भी प्रकार का ऑनलाइन ‘शॉर्टकट’ अनुष्ठान मंदिर द्वारा संचालित नहीं किया जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m