सुशीला देवी, गुडगांव। गुरुग्राम के सेक्टर-45 स्थित गांव कन्हई में घर के बाहर फायरिंग करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह वारदात 2 मई 2026 की रात की है, जब सौरभ नामक व्यक्ति के मकान के बाहर दो युवकों ने गोलियां चलाई थीं।

इस दौरान मौके पर तैनात एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गया था। थाना सेक्टर-40 पुलिस को मिली सूचना के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घायल सिपाही कुलबीर के हाथ और पैर को छूती हुई दो गोलियां निकल गई थीं। उपचार के बाद सिपाही को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध शाखा सेक्टर-40 की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अशोक उर्फ पहलवान (रोहतक), सुमित (सोनीपत), मनोज काबर (रोहतक) और विक्की (सोनीपत) के रूप में हुई है। पुलिस ने अशोक, सुमित और मनोज को 4 मई को जबकि विक्की को 5 मई को काबू किया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि इन आरोपियों ने मुख्य शूटरों को बाइक, हथियार और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए थे। वारदात से पहले इलाके की रेकी भी की गई थी और घटना के समय ये सभी आरोपी मौके के आसपास मौजूद थे।

प्रारंभिक जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि सौरभ और दीपक नांदल के बीच पैसों को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते दीपक नांदल ने इस फायरिंग की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिलवाया।

फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।