रामकुमार यादव, अंबिकापुर। शहर की बदहाल सड़कों को लेकर आज स्थानीय समाजसेवी संगठन के लोगों ने कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक राजेश अग्रवाल के सरकारी बंगले का घेराव किया। बारिश के बीच प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और तत्काल सड़क निर्माण एवं मरम्मत शुरू कराने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शहर की कई सड़कें बदहाल है। बारिश के दौरान लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारी तत्काल सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग पर अड़े रहे।
जिस वक्त प्रदर्शनकारी मंत्री के बंगले का घेराव कर रहे थे, उस समय मंत्री राजेश अग्रवाल अंबिकापुर में मौजूद नहीं थे। वे सूरजपुर में थे। बंगले के घेराव की जानकारी मिलने के बाद मंत्री कुछ देर में अंबिकापुर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से सीधे बातचीत की।



बारिश थमते ही सड़क निर्माण और मरम्मत का दिया भरोसा
मंत्री ने प्रदर्शनकारियों को जल्द सड़क निर्माण और मरम्मत शुरू कराने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल बारिश रुकने का इंतजार किया जा रहा है। बारिश थमने के बाद काम शुरू किया जाएगा। इस दौरान शहर की सड़कों की स्थिति पर मंत्री ने कहा कि वे खुद इससे शर्मिंदा हैं, लेकिन अब सड़कों की दशा और दिशा बदलने वाली है। मंत्री से चर्चा के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना आंदोलन समाप्त किया।

मंत्री ने प्रदर्शनकारियों को कराया नाश्ता
इस दौरान मंत्री ने प्रदर्शनकारियों को चाय-पानी के साथ लड्डू और आलू चाप भी खिलाया और प्रदर्शन के लिए पहुंचे लोगों का धन्यवाद किया। फिलहाल मंत्री के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया है। अब देखना होगा कि बारिश थमने के बाद शहर की बदहाल सड़कों के निर्माण और मरम्मत का काम कितनी तेजी से शुरू होता है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



