देहरादून. प्रदेश में पिछले दिनों पूर्व सीएम हरीश रावत के इस्तीफे को लेकर चर्चाओं का बाजार गरम था. फिलहाल रावत ने इसे लेकर स्थिति स्पष्ट की है. उन्होंने कहा है कि ‘अभी तो मैं अपने नेतृत्व के पास पेशकश लेकर जाऊंगा. राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलूंगा. सोमवार-मंगलवार को जब भी उनसे समय मिलेगा, उनसे मिलूंगा और उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के पास चिट्ठी भेजूंगा.’
बता दें कि पहले भी इस मामले को लेकर रावत अपनी बात कह चुके हैं. पिछले दिनों उन्होंने एक्स के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया था कि उन्होंने पार्टी के पदाधिकारी के पद से त्यागपत्र दिया है. रावत ने लिखा कि ‘मीडिया के कुछ हिस्सों में यह समाचार दिया जा रहा है कि हरीश रावत ने कांग्रेस पार्टी से त्यागपत्र दे दिया. भैया, कांग्रेस पार्टी की सदस्यता मेरे खून और हड्डियों में है, हरीश रावत जो कुछ भी है, उस सबका निर्माण करती है. वह तो मेरे साथ ही स्वर्ग में भी जाएगी.’
इसे भी पढ़ें : लाख कोशिशों के बाद भी मोदी जी की…यशपाल आर्य का बड़ा बयान, जानिए छात्रों की गूंज और राहुल गांधी का जिक्र कर ऐसा क्या कहा?
पूर्व सीएम ने आगे लिखा कि ‘हां, यदि कल-परसों देहरादून में ईडी का जो पाखंडपूर्ण चकल्लस हुई है और मैंने यह कहा है कि यदि उससे कांग्रेस पार्टी के भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने के नैरेटिव पर कोई असर पड़ता है, तो पार्टी के जो पद मेरे पास हैं—प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य और एआईसीसी की वर्किंग कमेटी के सदस्य, मैं उन पदों से त्यागपत्र देना चाहूंगा.’
दरअसल, शुक्रवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने UKSSSC VPDO एग्जाम 2016 में हुई गड़बड़ियों के मामले में पूर्व सीएम हरीश रावत के ओएसडी और पीए रहे चंदन सिंह जीना के ठिकानों पर छापा मारा. कार्रवाई के दौरान ईडी ने भारी मात्रा में नगद, सोने के सिक्के, चेन और महंगी घड़ियां बरामद की. इसके बाद देर रात पूर्व सीएम हरीश रावत ने उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारिणी सदस्य और प्रदेश कांग्रेस के स्थाई आमंत्रित सदस्य दोनों पदों से इस्तीफा देने की बात कह दी.



