अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस की जांच तेज हो गई है। जुहू इलाके में हुई इस वारदात के बाद आरोपी हमले में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक को अंधेरी रेलवे स्टेशन के बाहर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है और अब उसके रजिस्ट्रेशन नंबर, चेसिस और इंजन नंबर के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। इस बीच, CCTV फुटेज में दो संदिग्ध हमलावरों की तस्वीरें भी सामने आई हैं।
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में CCTV से मिले अहम सुराग
पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी बाइक छोड़कर फरार हो गए। शुरुआती जांच में पता चला है कि बाइक मुंबई में रजिस्टर्ड है। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
CCTV फुटेज में दो संदिग्ध सफेद शर्ट पहने नजर आ रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इन्हीं दोनों ने अभिनेता की कार पर गोलियां चलाई थीं। हालांकि, आरोपियों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
कार पर चलीं पांच गोलियां, टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बचे
जानकारी के मुताबिक, रविवार को फुटबॉल खेलकर लौट रहे टाइगर श्रॉफ की कार पर हमलावरों ने पांच राउंड फायरिंग की। इस घटना में अभिनेता बाल-बाल बच गए, जबकि उनके ड्राइवर फिरदौस और एक ऑटो चालक के घायल होने की खबर है।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से मुलाकात के बाद बताया कि अभिनेता के दाएं हाथ पर बारूद से जलने के निशान हैं, लेकिन उन्हें गोली नहीं लगी। शिंदे के अनुसार, अभिनेता और उनका परिवार इस घटना से चिंतित है। परिवार ने किसी के साथ दुश्मनी या विवाद होने से भी इनकार किया है।
BNS और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज
जुहू पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया है।
एकनाथ शिंदे ने दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुंबई पुलिस मामले को प्राथमिकता से ले रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी मुंबई की कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और जब्त बाइक के जरिए आरोपियों की तलाश में जुटी है। गौरतलब है कि, इस हमले के बाद टाइगर के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

