अतीश दीपंकर, भागलपुर। जिले के नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत खरीक थाना क्षेत्र के तुलसीपुर गांव में एक महिला ने थाने के एसआई सौरभ कुमार पर दुर्व्यवहार करने, गाली-गलौज करने और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि, सादे लिबास में पुलिस बल के साथ पहुंचें एसआई ने उसके घर में प्रवेश करने का विरोध करने पर कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और धमकी दी कि “फाड़ देंगे, बर्बाद कर देंगे ”। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की भी बात सामने आई है।

जानें क्या है पूरा मामला ?

मिली जानकारी के अनुसार, बीते शनिवार को खरीक थाने के एसआई सौरभ कुमार एक आपसी विवाद की जांच के सिलसिले में तुलसीपुर गांव पहुंचे था। वह सादे लिबास में था और उनके साथ पुलिस बल भी मौजूद थें। आरोप है कि, जिस घर में पुलिस जांच के लिए पहुंची थी, वहां कोई पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था। पुलिसकर्मियों के घर में प्रवेश करने की कोशिश का परिजनों ने विरोध किया।

महिला का आरोप है कि विरोध करने पर एसआई सौरभ कुमार कथित तौर पर भड़क गए और घर में घुसकर गाली-गलौज करने लगे। तुलसीपुर निवासी सविता देवी, पत्नी शंकर शर्मा, ने एसआई पर दुर्व्यवहार करने और धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

एसपी से लगाई न्याय की गुहार

पीड़ित महिला सविता देवी ने इस मामले की शिकायत नवगछिया पुलिस के एसपी वैभव शर्मा से की है। बताया जा रहा है कि घटना से संबंधित वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एसपी की ओर से मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने की बात कही गई है।

जांच पर टिकी सभी की निगाहें

पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास कायम रखने के लिए जरूरी है कि ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच हो और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। ऐसे में अब सबकी नजरें जांच और पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

ये भी पढ़ें- समस्तीपुर में ज्वेलरी कारोबारी की गोली मारकर हत्या, सोना-चांदी से भरा बैग सुरक्षित, वारदात की वजह तलाश रही पुलिस