लखनऊ. स्टैंडअप कॉमेडियन हर्ष गुजराल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने क्राइम से जुड़ा एक मजेदार जोक सुनाते नजर आ रहे हैं. जोक सुनकर सीएम योगी अपनी हंसी नहीं रोक पाए. मंच पर मौजूद दर्शकों ने भी जमकर ठहाके लगाए. हर्ष को उत्तर प्रदेश के ‘यूथ आइकन’ के रूप में सम्मानित किया गया था.

इसे भी पढ़ें- लखनऊ में फॉर्मेलिन टैंकर हादसा: 36 घंटे बाद भी किसान पथ बंद, आपदा प्रबंधन पर उठे सवाल

सीएम योगी के सामने हर्ष ने सुनाया जोक

कार्यक्रम के दौरान हर्ष गुजराल ने कहा कि उनका काम कॉमेडी करना और लोगों का तनाव दूर करना है. इसके बाद उन्होंने सीएम योगी से कहा कि उनके ऊपर पूरे उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी होने के कारण काफी तनाव रहता होगा. फिर उन्होंने लखनऊ में हुए अपने एक अनुभव के जरिए क्राइम पर मजाक सुनाया.

https://www.instagram.com/p/DfACkdIN2zp

केले बेचने वाले की कहानी सुनकर लगे ठहाके

हर्ष ने बताया कि पिछली बार वह लखनऊ में शो करने आए थे. इस दौरान उन्होंने घूमते हुए एक केले बेचने वाले से पूछा कि शहर में अपराध का क्या हाल है? दुकानदार ने जवाब दिया कि अपराध बिल्कुल खत्म हो गया है. जब हर्ष ने उससे पूछा कि उसे यह कैसे पता, तो उसने कहा कि वह खुद पहले अपराधी था, लेकिन अब केले बेच रहा है. इस पंचलाइन पर सीएम योगी समेत वहां मौजूद लोग हंस पड़े.

सीएम योगी ने थपथपाई हर्ष की पीठ

जोक सुनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हंसते नजर आए. वीडियो में वह हर्ष की पीठ थपथपाते भी दिखाई देते हैं. हर्ष ने यह वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है. इसके बाद से वीडियो को लेकर लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. सोशल मीडिया यूजर्स इस हल्के-फुल्के पल पर अपनी राय दे रहे हैं.

इसे भी पढ़ें- यूपी चुनाव आयोग ने ‘राम ने यादव को मारा’ पोस्ट पर मांगी माफी, आयोग ने लिखा था- ‘शुक्र है कि राम ने किसी अल्पसंख्यक को नहीं मारा..

‘यूथ आइकन’ सम्मान मिलने पर जताई खुशी

हर्ष गुजराल ने वीडियो के कैप्शन में उत्तर प्रदेश के ‘यूथ आइकन’ के रूप में सम्मानित होने पर खुशी जताई. उन्होंने लिखा कि यह उनके लिए गर्व की बात है. मुख्यमंत्री के साथ मंच पर हल्के-फुल्के पल साझा करना भी उनके लिए सौभाग्य की बात है. कॉमेडियन का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.