पंचकूला: एक तरफ गर्भवती पत्नी की डिलीवरी का खर्च जुटाने की चिंता और दूसरी तरफ परिवार से बेदखल होने के बाद आर्थिक तंगी। इन हालात के बीच एक युवक ने ऐसा रास्ता चुना, जिसने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। मामला कालका का है, जहां दिवाली की सफाई करने के लिए एक घर में पहुंचे युवक पर करीब 20 लाख रुपये के सोने, चांदी और हीरे के गहने चोरी करने का आरोप है। क्राइम ब्रांच-3 ने आरोपी अंकुल सिंह उर्फ अंकुश को गिरफ्तार कर लिया है।
इस कहानी की शुरुआत करीब दो साल पहले हुई थी। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले का रहने वाला अंकुल आठवीं तक पढ़ा है। 26 नवंबर 2024 को उसने परिवार की मर्जी के खिलाफ अपनी बुआ के ससुराल की एक युवती से अंतरजातीय विवाह कर लिया। इस शादी से पिता इतने नाराज हुए कि उन्होंने उसे घर और संपत्ति से बेदखल कर दिया।
हैरानी की बात यह है कि आरोपी का परिवार आर्थिक रूप से संपन्न बताया जा रहा है। उसके पिता के पास गांव में करीब 35 बीघा जमीन और 30 से अधिक मवेशी हैं। परिवार से अलग होने के बाद अंकुल अपनी पत्नी के साथ पंचकूला के टिपरा गांव में किराये के कमरे में रहने लगा। घर का खर्च चलाने के लिए वह लेबर चौक पर दिहाड़ी मजदूरी तलाशता था।
दिवाली की सफाई के बहाने घर में पहुंचा
पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर 2026 को कालका की खुराना कॉलोनी में रहने वाले एक व्यक्ति ने अंकुल को दिवाली की सफाई के लिए काम पर रखा था। सफाई करते समय उसकी नजर घर में रखी अलमारी पर पड़ी। आरोप है कि अलमारी में रखे सोने, चांदी और हीरे के गहने देखकर उसकी नीयत बदल गई। मौका पाकर वह करीब 20 लाख रुपये के आभूषण लेकर वहां से निकल गया।
22 अक्टूबर को परिवार को गहने गायब होने का पता चला। घर में सफाई के लिए अंकुल के अलावा किसी बाहरी व्यक्ति के आने की जानकारी नहीं थी। ऐसे में शक उसी पर गया। इसके बाद 24 अक्टूबर को कालका थाने में चोरी की एफआईआर दर्ज कराई गई।
मोबाइल बंद कर यूपी भागा, लेकिन एक गलती पड़ गई भारी
चोरी के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और पत्नी के साथ उत्तर प्रदेश के औरैया चला गया। हालांकि, पंचकूला में किराये के कमरे में उसका कुछ सामान और कपड़े रह गए थे। इन्हें लेने के लिए वह वापस टिपरा पहुंचा तो पहले से नजर रख रही क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर करीब 20 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए गए हैं। पूछताछ में उसने बताया कि चोरी की एक सोने की चेन और बालियां अपनी पत्नी को दे दी थीं। उसकी पत्नी फिलहाल औरैया स्थित अपने मायके में है।
क्राइम ब्रांच ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस अब पत्नी के पास बताए गए गहनों की बरामदगी और आरोपी से अन्य संभावित वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
- जोशीमठ के पास हेलीकॉप्टर क्रैश, 6 लोगों की मौत की आशंका, सर्च जारी
- गुजरात में गोहत्या पर बड़ा फैसला: तीन दोषियों को उम्रकैद, अदालत ने मनुस्मृति का दिया हवाला
- पता नहीं संयोग है या कुछ और? चिराग पासवान का बड़ा बयान, अनंत सिंह की जमानत रद्द होने पर कही ये बात
- ED के शिकंजे में लालू परिवार, राउज एवेन्यू कोर्ट की दो टूक, अब नहीं मिलेगी राहत, 19 नवंबर को हर हाल में होना होगा पेश!
- विधान परिषद चुनाव परिणाम को लेकर अखिलेश का बड़ा दावा, बोले- BJP 5 सीट नहीं, 50 जिलों में हारी

