वाराणसी. वाराणसी और नई दिल्ली के बीच देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन आज शनिवार, 31 अक्टूबर से शुरू होगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 3 बजे वर्चुअली ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. वहीं, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बनारस स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-8 से ट्रेन को रवाना करेंगे. यह उत्तर प्रदेश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन होगी.
इस ट्रेन से यात्रियों को रातभर का सफर आराम से पूरा करने की सुविधा मिलेगी. हालांकि, इसका किराया दूसरी एक्सप्रेस ट्रेनों के मुकाबले काफी अधिक रखा गया है. रेलवे की शुरुआती अधिसूचना के अनुसार, थर्ड AC का बेस किराया 1,819 रुपये, सेकेंड AC का 2,349 रुपये और फर्स्ट AC का 2,880 रुपये है. इस पर 5 प्रतिशत GST भी देना होगाय GST जोड़ने के बाद किराया क्रमशः करीब 1,910, 2,467 और 3,024 रुपये हो जाएगा.
इसे भी पढ़ें- UP में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर, 23 जिलों में बारिश का अलर्ट; धान की फसल को नुकसान
सप्ताह में छह दिन चलेगी ट्रेन
वाराणसी-दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी. वाराणसी से शुक्रवार और दिल्ली से शनिवार को इसका संचालन नहीं होगा. ट्रेन पूरी तरह वातानुकूलित होगी. इसमें कुल 16 कोच लगाए गए हैं. इनमें 11 थर्ड AC, चार सेकेंड AC और एक फर्स्ट AC कोच शामिल हैं. यात्रियों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में सोने की बर्थ की व्यवस्था की गई है.
ट्रेन को अधिकतम 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के हिसाब से डिजाइन किया गया है. हालांकि, इसका स्वीकृत संचालन अधिकतम 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से होगा.
RAC और वेटिंग टिकट पर नहीं मिलेगा सफर
इस ट्रेन में यात्रियों को RAC और वेटिंग टिकट की सुविधा नहीं मिलेगी. केवल कन्फर्म टिकट वाले यात्री ही सफर कर सकेंगे. इससे कोच में तय क्षमता से ज्यादा भीड़ नहीं होगी. यात्रियों को अपनी बर्थ पर आराम से सोने और सामान रखने की सुविधा मिलेगी.
हर बर्थ पर चार्जिंग पॉइंट और रीडिंग लाइट
वंदे भारत स्लीपर में यात्रियों की सुविधा का खास ध्यान रखा गया है. हर बर्थ पर चार्जिंग पॉइंट और रीडिंग लाइट दी गई है. बर्थ की कुशनिंग बेहतर बनाई गई है. ट्रेन में आधुनिक इंटीरियर, सेंट्रलाइज्ड AC और उन्नत सस्पेंशन सिस्टम लगाया गया है. इसमें ऑटोमैटिक सेंसर वाले दरवाजे, CCTV कैमरे और आधुनिक फायर सेफ्टी सिस्टम भी होंगे. इन सुविधाओं से रात के सफर को आरामदायक और सुरक्षित बनाने की कोशिश की गई है.
इसे भी पढ़ें- आपस में जुड़ेंगे 4 एक्सप्रेसवे: UP बनेगा देश का पहला मेगा कॉरिडोर; जानें किन शहरों को मिलेगा बड़ा फायदा
काशी को दो नई मेमू सेवाओं की भी सौगात
वंदे भारत स्लीपर के साथ वाराणसी क्षेत्र को नई मेमू सेवाओं की सौगात भी मिलेगी. वाराणसी सिटी से राजातालाब के बीच चार जोड़ी मेमू ट्रेनों का संचालन किया जाएगा. इन ट्रेनों में 12 कोच होंगे. रास्ते में वाराणसी जंक्शन, बनारस, भुलनपुर और हरदत्तपुर स्टेशन पर ठहराव होगा.
इसके अलावा बनारस से प्रयागराज रामबाग के बीच मेमू सेवा को आगे बढ़ाने की योजना है. इन सेवाओं से छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है. इससे काशी और आसपास के इलाकों की रेल कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी.

