अहमदाबाद : गुजरात के अहमदाबाद स्थित वस्त्राल इलाके में एक बेहद दुखद और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ मामूली डांट-फटकार के बाद हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मजाक-मस्ती करने और शोर मचाने से रोकने पर मामा और उसके 16 वर्षीय नाबालिग भांजे के बीच तीखी बहस हो गई। गुस्से में आकर भांजे ने मामा पर चाकू से हमला कर दिया, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में मामा के हाथों भांजे की जान चली गई।
घटना वस्त्राल के इंदिरा नगर टेकरा के पास की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनेश नामक व्यक्ति अपनी पत्नी पूजा के साथ बैठे थे। इसी दौरान उनका नाबालिग भांजा अपने दोस्तों के साथ पैडल रिक्शा पर बैठकर शोर-शराबा और मजाक-मस्ती कर रहा था। मामा दिनेश ने जब उसे ऐसा करने से मना किया और डांटा, तो किशोर आक्रोशित हो गया। उसने तुरंत चाकू निकालकर अपने मामा के पेट में घोंप दिया।
विवाद के दौरान बीच-बचाव करने आई मामी पूजा और एक अन्य युवक सुनील भी हमले में घायल हो गए। गंभीर रूप से जख्मी दिनेश ने किसी तरह भांजे के हाथ से चाकू छीना और उसकी कमर पर वार कर दिया, जिससे किशोर लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को असारवा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने नाबालिग को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक भांजे की मां द्वारा दूसरी शादी करने के बाद से मामा दिनेश ने ही बचपन से उसका पालन-पोषण किया था। हालांकि, पिछले तीन महीनों से वह अलग रह रहा था। रामोल थाना पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए दोनों पक्षों की ओर से हत्या और हत्या के प्रयास की क्रॉस-शिकायत दर्ज कर ली है। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर साक्ष्य जुटाए हैं और अस्पताल में भर्ती घायलों से पूछताछ कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

