गुजरात में अवैध वन्यजीव व्यापार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए स्टेट मॉनीटरिंग सेल (एसएमसी) की टीम ने अहमदाबाद जिले के बावला इलाके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 किलो 354 ग्राम दुर्लभ ‘एम्बरग्रीस’ (व्हेल की उल्टी/फ्लोटिंग गोल्ड) बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 4 करोड़ 35 लाख रुपये आंकी गई है।
गुप्त सूचना के आधार पर एसएमसी की टीम ने गुरुवार को राजकोट-अहमदाबाद हाईवे पर स्थित आकृति आर्केड कॉम्प्लेक्स की पार्किंग में अचानक छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तरकपुर (आणंद) निवासी अजय चावड़ा और भेटावाडा (धोलका, अहमदाबाद) निवासी हितेश चौहान को रंगे हाथों धर दबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास से सफेद, क्रीम, गोल्डन और ब्राउन रंग के कठोर पदार्थ के टुकड़े मिले।
घटना स्थल पर ही वन विभाग और फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) के अधिकारियों को बुलाकर सामग्री की जांच करवाई गई, जिसमें उसके असली एम्बरग्रीस होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने पूरी खेप को जब्त कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बावला पुलिस थाने को सौंप दिया।
पूछताछ में सामने आया कि मेहुल डाभी नाम के व्यक्ति ने अजय चावड़ा को फोन करके एम्बरग्रीस का सौदा करने के लिए बावला बुलाया था। इसके बाद आरोपी एक होटल के पास एकत्रित हुए और ग्राहक किशन गोहिल को माल बेचने के लिए आकृति आर्केड की पार्किंग में पहुंचे थे, जहां पहले से मुस्तैद पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। इस मामले में पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को भी नामजद किया है और उनकी तलाश जारी है।
इत्र उद्योग में मांग और कानूनी संरक्षण:
एम्बरग्रीस का मुख्य उपयोग उच्च गुणवत्ता वाले परफ्यूम और इत्र में किया जाता है, क्योंकि यह खुशबू को लंबे समय तक टिकाए रखने में मदद करता है। अत्यधिक दुर्लभ और कीमती होने के कारण इसे समुद्र का खजाना या तैरता सोना भी कहा जाता है।
उल्लेखनीय है कि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम-1972 (संशोधन 2022) के तहत स्पर्म व्हेल को अनुसूची-1 (Schedule-I) में शामिल किया गया है, जिससे इसे भारत में सर्वोच्च कानूनी संरक्षण प्राप्त है। इसका खरीद-बिक्री या परिवहन पूरी तरह से गैर-कानूनी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

