सुशीला देवी, गुरुग्राम। पुलिस की साइबर अपराध टीम ने साइबर ठगों को बैंक खाते मुहैया कराने वाले एक बड़े और संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए एक विदेशी नागरिक समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल वे ठगी के काम में लेते थे.

सिग्नेचर टावर के पास सफल कार्रवाई

सहायक पुलिस आयुक्त साइबर अपराध के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी की टीम ने तकनीकी निगरानी के आधार पर सिग्नेचर टावर के पास यह सफल कार्रवाई की. पकड़े गए आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी राजकुमार, प्रतापगढ़ निवासी सत्यम, बिहार के गोपालगंज निवासी सुभाष कुमार और दिल्ली में रहने वाले विदेशी नागरिक Dossinena Iddriss के रूप में हुई है.

पूछताछ के दौरान बड़ा खुलासा

पुलिस पूछताछ के दौरान इस बात का बड़ा खुलासा हुआ है कि विदेशी आरोपी साइबर अपराधियों तक अवैध रूप से बैंक खाते पहुंचाने का मुख्य काम करता था. वह सुभाष के जरिए खाते इकठ्ठा करवाता था और सुभाष ने इस नेटवर्क से सत्यम और राजकुमार को जोड़ा था. राजकुमार और सत्यम अपने और अन्य लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर आगे सप्लाई करते थे, जिसके बदले उन्हें प्रति खाता दस हजार रुपए मिलते थे. वहीं विदेशी आरोपी Dossinena को एक बैंक खाते के बदले चालीस हजार रुपए तक मिलते थे.

आरोपी साल 2019 में भारत आया

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि यह विदेशी आरोपी साल 2019 में भारत आया था और पहले ऑनलाइन खरीदारी का काम करता था. अपने साथी के वापस अपने देश लौटने के बाद वह पैसों के लालच में इस अवैध धंधे में उतर गया और साइबर अपराधियों की मदद करने लगा. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और इनके साथ जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है ताकि इस प्रकार के अन्य मामलों का भी जल्द से जल्द पर्दाफाश किया जा सके.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m