JET, प्री-पीजी और पीएचडी प्रवेश परीक्षा के अभ्यर्थी आधिकारिक पोर्टल से डाउनलोड कर सकते हैं परिणाम,अब काउंसलिंग प्रक्रिया पर रहेगी नजर

बीकानेर। स्वामी केश्वनंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय (SKRAU) ने राजस्थान ज्वाइंट एंट्रेंस टेस्ट (JET) 2026, प्री-पीजी और पीएचडी प्रवेश परीक्षाओं का परिणाम जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अब आधिकारिक पोर्टल पर अपनी यूजर आईडी और पासवर्ड की सहायता से स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। परिणाम के साथ उम्मीदवार अपने कुल अंक, राज्य स्तरीय मेरिट रैंक और अन्य महत्वपूर्ण विवरण भी देख सकते हैं।

रिजल्ट जारी होने के बाद अब प्रवेश प्रक्रिया का अगला चरण काउंसलिंग होगा। काउंसलिंग के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की तिथियां जल्द घोषित की जाएंगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।


Re-NEET UG परीक्षा के कारण बदली गई थी एग्जाम की डेट
राजस्थान JET 2026 का आयोजन 27 जून को किया गया था। पहले परीक्षा 21 जून को प्रस्तावित थी, लेकिन Re-NEET UG परीक्षा के चलते इसकी तिथि में बदलाव किया गया। परीक्षा के बाद 1 जुलाई को अनंतिम उत्तर कुंजी जारी की गई थी, जबकि 21 जुलाई को अंतिम उत्तर कुंजी प्रकाशित की गई। अब 29 जुलाई को परिणाम घोषित कर दिए गए हैं।

स्कोरकार्ड में उम्मीदवार का नाम, आवेदन संख्या, श्रेणी, कुल प्राप्तांक, मेरिट रैंक और योग्यता की स्थिति जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां दर्ज हैं। यही स्कोरकार्ड काउंसलिंग और प्रवेश प्रक्रिया के दौरान आवश्यक दस्तावेज के रूप में उपयोग किया जाएगा।

ऐसे डाउनलोड करें स्कोरकार्ड
० आधिकारिक वेबसाइट jetskrau2026.com पर जाएं।
० यूजर आईडी, पासवर्ड और कैप्चा कोड दर्ज कर लॉग इन करें।
० Sign In पर क्लिक करते ही रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा।
० स्कोरकार्ड डाउनलोड करें और भविष्य के लिए उसका प्रिंट सुरक्षित रखें।