Bihar Top News Today 21 June 2026: बिहार (BIHAR) में आज 21 जून को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

राजद में शामिल हुई बिंदु गुलाब यादव

मधुबनी जिला परिषद की अध्यक्ष बिंदु गुलाब यादव आज रविवार (21,जून) को राजद की सदस्यता ग्रहण की। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल और राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव समेत पार्टी के कई नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। बता दें कि बिंदु गुलाब यादव मधुबनी जिला परिषद की चेयरमैन हैं और पूर्व विधायक गुलाब यादव की बेटी हैं। बीते साल हुए विधानसभा चुनाव 2025 में मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी से वह बाबूबरही विधानसभा सीट से प्रत्याशी रह चुकी हैं। पढ़ें पूरी खबर…………

नीतीश ने कहा- एक करोड़ नौकरी देने का वादा पूरा करेंगे

जदयू कार्यालय में आज हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक खत्म होने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार ने बैठक में कहा कि हम लोगों का परफॉर्मेंस विधान सभा चुनाव में बहुत अच्छा रहा। संगठन ने अच्छे तरीके से काम किया। एनडीए गठबंधन को 202 सीट मिली। हम लोगों ने जो पांच साल में एक करोड़ युवाओं को नौकरी या रोजगार देने का वादा किया है, उसको पूरा करेंगे। पढ़ें पूरी खबर………..

युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

भागलपुर में बेखौफ अपराधियों का आतंक जारी है। ताजा मामला सुल्तानगंज थाना क्षेत्र से समाने आया है, जहां सुल्तानगंज-देवघर मुख्य मार्ग पर कामराय रामपुर के पास अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद भाग रहे बदमाशों को आक्रोशित ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। मृतक युवक की पहचान रामपुर निवासी बालेश्वर कुमार के पुत्र राकेश कुमार के रूप में की गई है। पढ़ें पूरी खबर………..

बिहार मं धूमधाम से मना अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

आज 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूरा बिहार योगमय हो गया। राज्य भर में सामूहिक योगाभ्यास के कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया, जिसका मुख्य केंद्र राजधानी पटना स्थित पाटलिपुत्र स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स रहा, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के अलावा कई वरिष्ठ राजनेताओं और अधिकारियों ने एक साथ योगासनों का अभ्यास किया, जो एक स्वस्थ जीवनशैली के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। पढ़ें पूरी खबर………….

युवाओं को निशांत पर अटूट भरोसा- अशोक चौधरी

जदयू प्रदेश कार्यालय में आज रविवार को राष्ट्रीय और राज्य परिषद की बैठक हुई। इस मौके पर मंत्री अशोक चौधरी ने निशांत कुमार के भविष्य और उनकी पार्टी में सक्रियता से जुड़े सवाल पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि, निशांत कुमार युवा दिलों की धड़कन हैं और प्रदेश के युवाओं का उन पर अटूट भरोसा है। चौधरी के इस बयान को राजनीति के जानकारों द्वारा एक बड़े संकेत के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बैठक के दौरान युवाओं की आकांक्षाओं उनकी उम्मीदों और उनसे जुड़े विभिन्न मुद्दों पर पार्टी गंभीरता से विचार करेगी। पढ़ें पूरी खबर………..

पटना में कक्षा 8 तक की पढ़ाई पर रोक

बिहार में मानसून की एंट्री होने के बाद भी भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। राजधानी पटना समेत राज्य के कई जिलों में तापमान लगातार अपने ऊंचे स्तर पर बना हुआ है, जिसे ध्यान में रखते हुए पटना जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है। पटना जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने कल सोमवार 22 जून से 27 जून तक जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों (प्री-स्कूल सहित) में कक्षा 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियां पर रोक लगाने का फैसला लिया है। पढ़ें पूरी खबर………..

कचरे के ढेर में मिला नवजात का शव

बिहार के रोहतास जिले के डेहरी स्थित बारह पत्थर मोहल्ला (वार्ड नंबर-35) में रविवार सुबह मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां कचरे के ढेर में एक नवजात बच्ची का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह कुछ आवारा कुत्ते कचरे के ढेर को नोच रहे थे। इस दौरान कुत्तों के मुंह में एक प्लास्टिक का थैला था जिसे लेकर वे भागने की कोशिश कर रहे थे। पढ़ें पूरी खबर……….