Bihar Top News Today 29 June 2026: बिहार (BIHAR) में आज 29 जून को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर………

‘बड़ा बंगला और सुरक्षा पाकर खुश हैं सम्राट चौधरी’

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक बार फिर से जमकर सम्राट सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने फिर दोहराया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अंगूठा छाप और रबर स्टैंप हैं, जो केंद्र की सरकार कहेगी वो करेंगे, उन्हें आम जनता से मतलब कहां है? तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि, इन्हें (सम्राट चौधरी) बड़ा बंगला मिल गया है। भारी सिक्योरिटी मिल गई है। वे इसी में खुश हैं। उन्होंने कहा कि मंहगाई बढ़ रही है। युवा परेशान है, बेरोजगारी बढ़ रही है, ये कर क्या रहे हैं? वे छात्रों पर लाठी चलवाते हैं। अगर कोई नौकरी मांगे तो उसे जेल में भिजवाते हैं। ये सरकार तानाशाह है। पढ़ें पूरी खबर……….

निशांत कुमार ने 5 देशरत्न मार्ग में कराई सत्यनारायण पूजा

स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने आज सोमवार (29 जून) को गृह प्रवेश के लिए पांच देश रत्न मार्ग बंगला में भगवान सत्यनारायण की पूजा कराई। इस मौके पर निशांत के अलावा पूर्व सीएम नीतीश कुमार और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। निशांत कुमार ने कहा कि, आज सत्यनारायण भगवान का पूजा किए हैं। पिता जी और परिवार के मेंबर मौजूद थे। उन्होंने कहा ये आवास हमें मिला है। हम यहां भी रहेंगे। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि वह आगे भी अस्पतालों का औचक निरीक्षण वे करते रहेंगे। पढ़ें पूरी खबर……………..

जलेश्वरनाथ महादेव मंदिर के गुंबद पर गिरी बिजली

दरभंगा जिले के हायाघाट प्रखंड अंतर्गत होरलपट्टी गांव स्थित प्राचीन एवं ऐतिहासिक जलेश्वरनाथ महादेव मंदिर के गुंबद पर कल रविवार की रात को आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय मंदिर परिसर में करीब 25 श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर रहे थे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी श्रद्धालु घायल नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि गुंबद पर बिजली गिरने से गुंबद क्षतिग्रस्त हो गया। पढ़ें पूरी खबर……………..

यूपी पुलिस ने मुकेश सहनी को किया हाउस अरेस्ट

वीआईपी पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी को लखनऊ में यूपी पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया है। उत्तर प्रदेश की पुलिस उन्हें होटल से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दे रही है। बड़ी संख्या में पुलिस के जवान होटल में मौजूद हैं। दरअसल आज सोमवार (29 जून) को मुकेश सहनी शाहजहांपुर और सहारनपुर में दो जगह कार्यक्रम करने वाले थे, उनके द्वारा निषाद समाज सभा का आयोजन किया गया था, लेकिन उत्तर प्रदेश की पुलिस का कहना है कि उनके वहां जाने से विधि व्यवस्था गड़बड़ा जाएगी और इसीलिए उन्हें नहीं जाने दिया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर………..

तेजस्वी यादव ने छोड़ा राबड़ी आवास

बिहार की राजनीति में लंबे समय तक चर्चा का केंद्र रहे 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास से सामान शिफ्ट करने का सिलसिला अब अंतिम चरण में है। पूर्व उपमुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आधिकारिक तौर पर 10 सर्कुलर रोड को खाली कर दिया है। तेजस्वी यादव अब अपने परिवार के साथ पूरी तरह से 1 पोलो रोड स्थित सरकारी आवास में शिफ्ट हो गए हैं। तेजस्वी यादव ने अपने निजी उपयोग की सभी वस्तुएं, जिनमें कपड़े, कंप्यूटर, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य घरेलू सामान शामिल हैं उन्हें पोलो रोड के आवास में स्थानांतरित कर दिया है। पढ़ें पूरी खबर……….

नीतीश के औचक निरीक्षण कर सभी को चौंकाया

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज अचानक जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश कार्यालय पहुंचकर सबको चौंका दिया। उनके इस औचक निरीक्षण ने पार्टी के भीतर हलचल पैदा कर दी। पूर्व मुख्यमंत्री का सीधा उद्देश्य पार्टी संगठन की कार्यप्रणाली को परखना और आम जनता की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को करीब से देखना था। कार्यालय पहुंचते ही नीतीश कुमार ने वहां पहले से मौजूद वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने सबसे पहले पार्टी कार्यालय की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। नीतीश कुमार ने जनसुनवाई कार्यक्रम के प्रति विशेष रुचि दिखाई। पढ़ें पूरी खबर………….

महिला का कटा सिर बरामद होने से फैली सनसनी

जिले के बेलहर प्रखंड अंतर्गत जिलेबियामोड़ थाना क्षेत्र के डुमरहार गांव के समीप एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रविवार शाम को एक महिला का कटा हुआ सिर बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान रांगा गांव निवासी विकास पंडित की 26 वर्षीय पत्नी प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। मृतका के पिता सुखदेव पंडित और भाई मंटू पंडित ने मौके पर पहुंचकर सिर की शिनाख्त की। मिली जानकारी के अनुसार प्रियंका का सिर करीब डेढ़ फीट जमीन के नीचे दबाया गया था, जिसे आवारा कुत्तों ने नोचकर बाहर निकाल दिया। पढ़ें पूरी खबर………….

भीषण सड़क हादसे में 3 युवकों की दर्दनाक मौत

जिले के सिंघौल थाना क्षेत्र में NH-31 फोरलेन पर रविवार देर रात एक भयावह सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। तेज रफ्तार दो स्कॉर्पियो के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें से कई की स्थिति गंभीर है। मृतकों की पहचान ऋषभ कुमार (24), सन्नी कुमार (24) और हिमांशु कुमार (22) के रूप में हुई है। पढ़ें पूरी खबर………….