Bihar Top News Today 30 June 2026: बिहार (BIHAR) में आज 30 जून को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर………

सरकार ने जीना किया मुहाल- तेजस्वी

​नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने केंद्र और बिहार की एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए इसे जनविरोधी और अदूरदर्शी करार दिया है। उन्होंने कहा कि आज देश का आम नागरिक महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के ऐसे दुष्चक्र में फंस चुका है जिससे निकलना मुश्किल होता जा रहा है। ​तेजस्वी ने विस्तार से बताया कि कैसे आम आदमी का बजट पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है। उन्होंने कहा, टमाटर, प्याज और आलू की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि ने आम आदमी का जीना मुहाल कर दिया है। पढ़ें पूरी खबर………. 

फर्जी डिग्री वाले 13 शिक्षक सेवा से बर्खास्त

रोहतास जिले में फर्जी और सामान्य डिग्री पर नौकरी करने वाले शिक्षकों पर गाज गिरना शुरू हो गया है। सासाराम में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने तमाम जांच के बाद काराकाट प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में पदस्थापित 13 शिक्षकों के डिग्री को अमान्य घोषित करते हुए सभी को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि पिछले एक महीने के दौरान रोहतास जिले में 155 अमान्य डिग्री पर नौकरी करने वालों शिक्षकों को नौकरी से हटाया गया है। इसके साथ ही उन्हें वेतन लौटाने का भी आदेश दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर………………

बड़े भाई ने छोटे भाई को उतारा मौत के घाट

बिहार के नवादा जिले में आज मंगलवार को हुए एक पारिवारिक कलह ने खौफनाक रूप ले लिया। घर की सफाई करने को लेकर हुए मामूली विवाद में बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और शोक का माहौल हो गया। वहीं, परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पूरा मामला नेमदारगंज थाना क्षेत्र के राजा देवरा गांव की है। मृतक युवक की पहचान जय नंदन शर्मा के पुत्र अखिलेश कुमार (25) के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार आज मंगलवार को मृतक अखिलेश की साफ-सफाई करने की बारी थी, लेकिन उसने साफ-सफाई करने से इंकार कर दिया, जिसे लेकर उसके और बड़े भाई सुधीर शर्मा के बीच बहस शुरू हुई थी, जो तू-तू-मै-मै के बाद हिंसक मारपीट में बदल गई। पढ़ें पूरी खबर…………

भरत तिवारी एनकाउंटर पर SC ने तत्काल सुनवाई से किया इंकार

भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में दायर जनहित याचिका (PIL) पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई करने से इंकार कर दिया है। सर्वोच्च अदालत ने याचिकाकर्ता को पहले संबंधित हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने की सलाह दी है। याचिका में एनकाउंटर की सीबीआई जांच कराने और सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति गठित करने की मांग की गई थी, जिसपर जस्टिस एम.एम. सुंदरेश और जस्टिस शील नागू की खंडपीठ ने सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता से पूछा कि उन्होंने किस हैसियत से यह याचिका दाखिल की है। अदालत ने कहा कि इस मामले में उचित मंच हाईकोर्ट है और वहीं जाकर अपनी बात रखी जाए। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने से इंकार कर दिया। पढ़ें पूरी खबर……………

पांडव सेना का सरगना संजय सिंह गिरफ्तार

बिहार पुलिस के लिए मंगलवार का दिन एक बड़ी उपलब्धि लेकर आया। एसटीएफ (STF) और बिहटा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कुख्यात अपराधी और ‘पांडव सेना’ के सरगना संजय सिंह को धर दबोचा। उसे तब गिरफ्तार किया गया जब वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ट्रेन से दिल्ली से पटना आ रहा था। दरअसल पुलिस को मिली पुख्ता खुफिया जानकारी के अनुसार संजय सिंह परिवार के साथ सफर कर रहा था। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बिहटा पुलिस ने जीआरपी (GRP) के साथ मिलकर स्टेशन की घेराबंदी की। जैसे ही ट्रेन रुकी, पुलिस ने घेराबंदी कर संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पढ़ें पूरी खबर……….

बहन की विदाई के बाद भाई ने तोड़ा दम

नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के गनपुरा गांव में खुशियों का माहौल उस समय मातम में बदल गया, जब एक ही घर से बहन की डोली और भाई की अर्थी एक साथ उठी। थरथरी थाना क्षेत्र के मेंहतरमा निवासी 25 वर्षीय स्वागत कुमार की बिजली की चपेट में आने से हुई दर्दनाक मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। स्वागत कुमार चेन्नई की एक निजी कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत था और परिवार का मुख्य सहारा था। अपनी सगी बहन की शादी में शामिल होने के लिए वह बड़े अरमानों के साथ घर आया था। पढ़ें पूरी खबर…………….

खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई टली

पटना के सिविल कोर्ट में कोचिंग विवाद से जुड़े मामले में खान सर की अग्रिम जमानत याचिका और उनके दो अंगरक्षकों (बॉडीगार्ड्स) की जमानत याचिका पर सुनवाई टल गई है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 3 जुलाई को निर्धारित की गई है। कोर्ट ने जांच अधिकारी (IO) और लोक अभियोजक को हथियारों से संबंधित आधिकारिक दस्तावेज पेश करने का निर्देश दिया है। ​न्यायाधीश ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद IO को अगली सुनवाई में सभी जरूरी दस्तावेज कोर्ट में प्रस्तुत करने का आदेश दिया है। तब तक खान सर को अंतरिम सुरक्षा प्रदान की गई है। पढ़ें पूरी खबर…………….